सतना के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। यह घटना पिछले साल दीपावली के आसपास की बताई जा रही है, वहीं अब छात्रा पांच माह की गर्भवती है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि स्कूल के एक शिक्षक ने उसे बहला-फुसलाकर एक कमरे में ले जाकर दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे बेहोश कर के रेप किया। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में हुआ खुलासा रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसकी हालत बिगड़ने पर उसकी बुजुर्ग दादी उसे मंगलवार शाम इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं। अस्पताल में प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि नाबालिग करीब पांच महीने की गर्भवती है। यह जानकारी सामने आते ही परिवार और अस्पताल स्टाफ भी हैरान रह गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपने पिता और दादी के साथ रहती है। नाबालिग सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। दीपावली के बाद से स्कूल जाना किया बंद जानकारी के मुताबिक, छात्रा ने पिछले साल दीपावली के बाद से स्कूल जाना बंद कर दिया था लेकिन उस समय परिवार को इसकी असली वजह का पता नहीं चल सकी। नाबालिग ने अपने बयान में बताया कि दीपावली के आसपास स्कूल के एक शिक्षक ने उसे बहला-फुसलाकर स्कूल के पास एक कमरे में ले गया। कमरे में पहले से मौजूद थे दो नकाबपोश जब वह कमरे में पहुंची तो वहां पहले से दो नकाबपोश व्यक्ति मौजूद थे। इसके बाद तीनों ने मिलकर उसके साथ गलत काम किया। नाबालिग ने बताया कि उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया था। जब उसे होश आया तो शाम के करीब 4 बज चुके थे। महिला शिक्षक ने बुलाकर बाहर निकाला पीड़िता के अनुसार, होश आने के बाद एक महिला टीचर ने उसे बुलाया और वहां से बाहर ले गई। इसके बाद उसने किसी को कुछ नहीं बताया और डर के कारण चुप रही। इस घटना के बाद छात्रा ने स्कूल जाना पूरी तरह बंद कर दिया और परीक्षाओं में भी शामिल नहीं हुई। वह मानसिक रूप से भी परेशान रहने लगी, लेकिन परिवार को इसकी वजह नहीं पता चल सकी। पुलिस ने शुरू की जांच, बयान दर्ज मामले की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल की मेडिकल टीम ने रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी को सूचना दी। थाना प्रभारी ने महिला सब इंस्पेक्टर को अस्पताल भेजकर पीड़िता के बयान दर्ज कराने और आगे की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।
Source link