सीतामऊ में कुएं में डूबने से युवक की मौत: बकरियां चराने गया था, नहाने के दौरान हादसे की आशंका – Mandsaur News

सीतामऊ में कुएं में डूबने से युवक की मौत:  बकरियां चराने गया था, नहाने के दौरान हादसे की आशंका – Mandsaur News




मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। यह घटना ग्राम खानखेड़ा के समीप हुई, जहां गुरुवार देर शाम ग्रामीणों ने युवक को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। मृतक की पहचान बरडिया बरखेड़ा निवासी अनिल पिता मुकुंद बलाई (20) के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, अनिल गुरुवार को घर से बकरियां चराने निकला था। देर शाम तक उसके वापस न लौटने पर ग्रामीणों को चिंता हुई। तलाश के दौरान ग्रामीणों को कुएं के पास अनिल के कपड़े पड़े मिले और बकरियां आसपास घूम रही थीं। इससे किसी अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो युवक का शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल युवक को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक आशंका है कि अनिल बकरियां चराने के दौरान नहाने के लिए कुएं में उतरा होगा और इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर सीतामऊ पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। शव को अस्पताल में रखवाया गया है, जिसे शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। सीतामऊ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि यह घटना पूरी तरह एक हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।



Source link