सीधी जिले में पुलिस ने ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। मड़वास थाना पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 9 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी (आईपीएस) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मड़वास थाना प्रभारी निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि ग्राम दरीमाडोल में अवैध गांजे की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर सतेन्द्र उर्फ ‘मुखिया’ जायसवाल (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। सतेन्द्र जायसवाल के खिलाफ मड़वास थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे आज न्यायालय जेएमएफसी मझौली में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल के साथ उपनिरीक्षक आर.एस. सोनबंसी, प्रधान आरक्षक लालमणि रावत, सूर्य प्रताप सिंह और आरक्षक प्रवीण सिंह, राहुल गिरवाल, राकेश पटेल, संजय कुमार साकेत तथा दिनेश कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link