मंदसौर जिले में शनिवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है। लगातार शिकायतें मिलने पर कोतवाली और दलोदा थाने के 3 पुलिसकर्मियों (एक प्रधान आरक्षक और दो आरक्षक) को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं, 8 पुलिसकर्मियों के तबादले कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें से 6 जवानों को पुलिस लाइन से निकालकर सीतामऊ थाने में पदस्थ किया गया है। थाना कोतवाली में पदस्थ मोहित पंवार को पुलिस लाइन अटैच किया है। इसके अलावा दलोदा थाने में पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक हरीश यादव और आरक्षक गोपाल कृष्ण को भी पुलिस लाइन भेजा गया है। बताया जा रहा है कि इन तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ लंबे समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। लाइन से 6 पुलिसकर्मी भेजे गए सीतामऊ थाने फेरबदल के तहत पुलिस लाइन में पदस्थ 6 जवानों को नई जिम्मेदारी देते हुए सीतामऊ थाने भेजा गया है। इनमें कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक रविन्द्र पुरोहित, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक पंकज सेहत तोमर, आरक्षक राकेश राठौर, गोविंद सालवी, शांतिलाल पाटीदार और सुरेश कुमावत शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य आरक्षकों का भी तबादला हुआ है। इनमें आरक्षक हरिओम पाटीदार को सुवासरा से पिपलिया मंडी और आरक्षक भूपेंद्र सिंह को गरोठ से पिपलिया मंडी थाने में पदस्थ किया गया है। एसपी बोले- आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई इस कार्रवाई को लेकर एसपी विनोद कुमार मीना ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बेहतर काम करने वालों को अवसर दिया जा रहा है, जबकि लापरवाही या शिकायत मिलने पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए जरूरत के अनुसार आगे भी ऐसे कदम उठाए जाते रहेंगे।
Source link