मध्यप्रदेश की राधा यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दतिया जिले का नाम रोशन किया है। कर्नाटक में चल रही 24वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राधा ने 1500 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता। अब उनका चयन हांगकांग में होने वाली एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में भी हो गया है। दौड़ के दौरान राधा यादव ने बेहतरीन लय और दमदार स्पीड का प्रदर्शन करते हुए करीब 29 राज्यों से आई प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने दूसरे स्थान पर रहीं महाराष्ट्र की स्नेहा खार को लगभग 20 मीटर के अंतर से हराया। जबकि तीसरा स्थान भी महाराष्ट्र की जाह्नवी के नाम रहा। दतिया जिले की ग्राम पंचायत लरायटा निवासी राधा पिछले पांच वर्षों से भोपाल स्थित एथलेटिक्स अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार किया और अब राष्ट्रीय मंच पर गोल्ड जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का टिकट हासिल कर लिया। राधा की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने इसे दतिया की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने राधा को बधाई देते हुए एशियाई प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
Source link