कार की टक्कर से परिवार के 5 लोग घायल: देवास में तीन मासूमों को भी चोट आईं; भौंरासा टोल के पास हादसा – Dewas News

कार की टक्कर से परिवार के 5 लोग घायल:  देवास में तीन मासूमों को भी चोट आईं; भौंरासा टोल के पास हादसा – Dewas News




देवास जिले के भौंरासा टोल टैक्स के पास रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए देवास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, अवंतीपुर बड़ोदिया निवासी पवन वर्मा (25) अपने परिवार के साथ अवंतीपुर बड़ोदिया से इंदौर जा रहे थे। भौंरासा टोल टैक्स के समीप पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और परिवार के सदस्य कुछ दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायलों में पवन वर्मा, उनकी पत्नी ज्योति वर्मा, भतीजा प्रद्युम्न और दो भतीजियां मिस्टी व नंदिनी शामिल हैं। पवन वर्मा ने बताया कि वह इंदौर में एक कंपनी में काम करते हैं और अपनी पत्नी व भतीजे-भतीजियों को लेकर इंदौर जा रहे थे। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को देवास जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पवन वर्मा ने बताया कि घिसटने के बाद उन्होंने खुद ही लोगों की मदद से एंबुलेंस के लिए सहायता मांगी थी।



Source link