मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान कार वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम अमेढिया निवासी पप्पू लोनी (47 वर्ष) अपनी बेटी सविता लोनी की ननद काजल की शादी में शामिल होने परिवार सहित ग्राम भीषमपुर बिरिहिची टोला आए थे। वे अपनी बोलेरो वाहन (क्रमांक MP-18-C-9334) से पहुंचे थे और वाहन को घर के बाहर सड़क किनारे खड़ा किया था। बताया गया है कि देर रात करीब 12:30 बजे गुढ़ निवासी धनराज लोनी और भीषमपुर बिरिहिची टोला निवासी संजय लोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी खड़ी करने को लेकर आपत्ति जताई और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि गुस्से में आकर दोनों युवकों ने वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। धनराज लोनी ने डंडे से और संजय लोनी ने पत्थर से बोलेरो के सामने का शीशा और बाईं ओर के दोनों दरवाजों के शीशे तोड़ दिए। इस घटना में वाहन मालिक को लगभग 25 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि, इस दौरान किसी के साथ मारपीट नहीं हुई और कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। फरियादी की शिकायत पर अमरपाटन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source link