सुशांत की पूर्व प्रेमिका अंकिता लोखंड़े का नंबर समझ लोग मजदूर के नंबर पर कर रहे कॉल.
साइबर सेल का कहना है कि इस गड़बड़झाले का कारण दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की पूर्व प्रेमिका और अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के नाम से बनाया गया एक फेसबुक पेज है, जिस पर मजदूर का मोबाइल नंबर डला हुआ है.
कुछ लोग कॉल काट देते हैं, तो कुछ निकालते हैं भड़ास
राज्य साइबर सेल की इंदौर इकाई के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि वक्त-बेवक्त आने वाली अनचाहे फोन कॉल से तंग आकर मजदूर ने पुलिस के इस दस्ते को शिकायत की है. उन्होंने शिकायत पर शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि फेसबुक पर अंकिता लोखंडे के नाम से एक पेज है, जिस पर “अबाउट” सेक्शन में मजदूर का मोबाइल नंबर दर्ज है. सिंह ने बताया, “राजपूत की आत्महत्या के बाद से मजदूर के मोबाइल फोन पर हर रोज कई कॉल आ रही हैं. कुछ लोग कॉल के दौरान मजदूर का परिचय जानने के बाद फोन काट देते हैं, जबकि कुछ कॉलर फोन उठाते ही राजपूत की आत्महत्या को लेकर अपने गम और गुस्से का इजहार करने लगते हैं.”
पेज संचालक को संदेश भेजा है, जवाब का है इंतजारउन्होंने बताया, “अंकिता लोखंडे के नाम से बनाए गए फेसबुक पेज को 40,000 से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. हमने हकीकत जानने के लिये मेसेंजर से इस पेज के संचालक को संदेश भी भेजा. लेकिन अब तक हमारे संदेश का कोई जवाब नहीं आया है.” सिंह ने बताया, “हम फेसबुक से पता करेंगे कि यह पेज आखिर कौन चला रहा है? इसके बाद मजदूर की शिकायत पर जांच के तहत अगला कदम उठाएंगे.”
गौरतलब है कि ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी”, “शुद्ध देसी रोमांस”, “राब्ता” और “छिछोरे” जैसी हिंदी फिल्मों में अभिनय के लिए मशहूर 34 वर्षीय राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में 14 जून को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. दिवंगत अभिनेता की पूर्व प्रेमिका अंकिता लोखंडे इंदौर से ही ताल्लुक रखती हैं.
First published: July 6, 2020, 9:28 PM IST