Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
खंडवा8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- एक नल कनेक्शन पर औसत 346 रु. महीना खर्च, निगम 200 रुपए ले रहा
पानी पर निगम हर महीने करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च कर रहा है। बावजूद इसके शहर में एक दिन के अंतराल से ही पानी सप्लाई हो रहा है। 2011 की जनगणना के अनुसार शहर की जनसंख्या 2 लाख 738 है। इस मान से निगम एक दिन में करीब एक लाख लोगों को पानी पिला रहा है। नर्मदा योजना के साथ ही शहर में सुक्ता योजना और ट्यूबवेलों से भी पानी सप्लाई किया जा रहा है। शहर में करीब 26 हजार नल कनेक्शन है। प्रत्येक नल कनेक्शन के लिए निगम 200 रुपए महीना जल कर के बिल जारी कर रहा है। इस मान से करीब 52 लाख रुपए महीना जल कर के बिल जारी किए जा रहे हैं। वहीं, खर्च डेढ़ करोड़ रुपए हो रहे हैं। औसत एक नल कनेक्शन पर 346.66 रुपए महीना खर्च करना पड़ रहे हैं।
नर्मदा जल योजना की पाइप लाइन अकसर फूट जाती है। ऐसी स्थिति में वैकल्पिक स्रोत के रूप में सुक्ता जलप्रदाय योजना के साथ ही ट्यूबवेल से कुछ क्षेत्रों में पानी सप्लाई किया जाता है। ऐसा करने से पाइप लाइन फूटने के बावजूद एक साथ पूरे शहर में जल संकट की स्थिति नहीं बनती है।
346 रुपए औसत एक कनेक्शन पर खर्च
^346 रुपए औसत एक नल कनेक्शन पर खर्च हो रहे हैं। इस तरह प्रतिमाह डेढ़ करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। हर महीने करीब 52 लाख रुपए के बिल जारी होते हैं। 70 प्रतिशत तक वसूली होती है। नर्मदा की लाइन फूट जाती है, कोई विकल्प नहीं है इसलिए सभी स्रोतों से पानी लेना पड़ रहा है।
-हिमांशु भट्, आयुक्त, नगर निगम
फैक्ट फाइल
150 जल विभाग में कार्यरत कर्मचारी 60 लाख रुपए महीना वेतन पर खर्च 20 लाख रुपए महीना विश्वा कंपनी को किया जा रहा भुगतान 35 लाख रुपए महीना चारखेड़ा फिल्टर प्लांट का बिजली बिल 07 लाख रुपए महीना सुक्ता फिल्टर प्लांट का बिजली बिल 28 लाख रुपए ट्यूबवेल संचालन सहित अन्य पर खर्च
106 करोड़ की नर्मदा जल योजना, पाइप लाइन फूट चुकी है 165 से अधिक बार
खंडवा | नर्मदा जल योजना की पाइप लाइन अब तक 165 से अधिक बार फूट चुकी है। गुणवत्ता विहीन जीआरपी लाइन नदी-नालों के पास उतार-चढ़ाव वाले हिस्सों में ही अधिकांश बार फूटी। 106.72 करोड़ की इस योजना में लगाई पाइप लाइन फिल्टर प्लांट में एक साथ छह मोटर पंप चलाने पर प्रेशर सहन नहीं कर पाती है। 49.50 लंबी इस पाइप लाइन से रास्ते में गांवों के पास कुछ लोग एयर वॉल्व से पानी लेने के लिए छेड़खानी कर देते हैं। चारखेड़ा तक दिन और रात में वाहनों से अफसर और कर्मचारी पहुंच रहे हैं। इस दौरान रास्ते के एयर वॉल्व भी चेक किए जा रहे। कुछ संदिग्ध लोग मिल भी इस दौरान दिख चुके हैं।
11.95 पैसे प्रति किलोलीटर फ्लेट रेट से निगम विश्वा से ले रहा पानी
30 एमएलडी पानी 24 घंटे में विश्वा से ले रहा निगम 12 एमएलडी से अधिक पानी अन्य स्रोतों से लेना पड़ रहा
पाइप लाइन बदलने के लिए 8488.34 लाख की योजना प्रस्तावित
पाइप लाइन बार-बार फूटने पर शहर में होने वाली समस्या से मुक्ति के लिए 8488.34 लाख की लागत से पाइप लाइन बदलने के लिए दूसरी योजना की डीपीआर भी बन चुकी है। यह लाइन चारखेड़ा से सेल्दामाल, पीपल कोटा, जावर, सिहाड़ा, सिंगाजी कॉलोनी होते हुए सर्किट हाउस पंप हाउस तक बिछाई जाना प्रस्तावित है।