- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal Indore (Madhya Pradesh) Weather Report Today Update | MP District Wise Winter Weather Forecast News; Bhopal Gwalior Indor Rewa Mandla Tikamgarh
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भोपाल समेत प्रदेश के 13 जिलों में बारिश हुई। भोपाल में 2.1 मिमी तक पानी गिर गया। भोपाल के रायसेन रोड का सुबह 8.10 बजे का दृश्य। सुबह भी कोहरा और हल्की बूंदाबांदी रही।
- अरब सागर में बने चक्रवात से ट्रफ लाइन राजस्थान से पंजाब तक सक्रिय
- भोपाल, ग्वालियर और खजुराहो में कोहरे के कारण दिन में ठंड बढ़ेगी
मध्यप्रदेश में बीते चौबीस घंटों में भोपाल समेत प्रदेश के 13 जिले बारिश से भीग गए। एक मिमी से लेकर 6 मिमी तक पानी गिर गया। इसके कारण दिन में ठंडक और कोहरा बढ़ गया। सोमवार को सिर्फ भोपाल में ही कोहरा था, लेकिन मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में कोहरा दिखाई दिया। खासतौर पर भोपाल, ग्वालियर, खजुराहो और उज्जैन में इसका काफी असर देखा गया।
कोहरा होने के कारण अब दिन में ठंड बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अरब सागर में बने चक्रवात के कारण ट्रफ लाइन अब राजस्थान से पंजाब तक सक्रिय हो गई है। इसके कारण से एक बार फिर नमी आने से मध्यप्रदेश के मौसम पर इसका असर पड़ा है। इसका असर अगले चौबीस घंटे तक रहेगा। इसके कमजोर होते ही ठंड बढ़ेगी।
रात का तापमान में बढ़ोतरी
साहा ने बताया कि बादल छाने के कारण रात के तापमान में काफी बढ़ोतरी हुई है। यह सामान्य से करीब 9 डिग्री अधिक चल रहा है, जबकि दिन के तापमान में कहीं-कहीं कमी देखी गई है। यह कोहरे और बारिश के कारण हुआ है। प्रदेश में रात का पारा सबसे ज्यादा होशंगाबाद में 18.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के सभी जिलों में रात का पारा 11 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी में भी यह 14.8 डिग्री तक पहुंच गया। सबसे कम तापमान मंडला में 10 डिग्री से नीचे रहा।
यहां बारिश हुई
प्रदेश के 13 जिलो में बारिश रिकॉर्ड की गई। टीकमगढ़ में सबसे ज्यादा 6 मिमी पानी गिरा। इसके अलावा गुना में 4.2 मिमी, बैतूल में 3.2 मिमी, खजुराहो में 2.4 मिमी, भोपाल में 2.1 मिमी, रायसेन में 2 मिमी, नौगांव में 2 मिमी, सागर में 1.8 मिमी, दमोह में 1 मिमी, शाजापुर में 1 मिमी, पचमढ़ी में 1 मिमी और दतिया में 1.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों में हल्की बूंदाबांदी रही।
दिन का तापमान गिरा
बारिश और कोहरे के कारण दिन के तापमान में 9 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा यह भोपाल में सामान्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 19.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। गुना में 7.3 डिग्री की गिरावट रही, जबकि इंदौर, रायसेन, शाजापुर, उज्जैन, खजुराहो, सागर और टीकमगढ़ में सामान्य से 3 से लेकर 6 डिग्री तक दिन का पारा नीचे आ गया।
न्यूनतम तापमान वाले शहर
| शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| मंडला | 09.6 | 27.5 |
| खरगौन | 11.6 | 33.0 |
| खंडवा | 12.4 | 30.1 |
| ग्वालियर | 13.2 | 24.5 |