Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फाइल फोटो।
सड़े गेहूं को पीसकर आटा बाजार में बेचने वाले मिल संचालक आदित्य यादव पर झांसी रोड पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। उसके यहां से उप्र, दिल्ली और अन्य राज्यों का सड़ा गेहूं बरामद हुआ था। अब पुलिस संचालक के साथी सागर गुप्ता के खिलाफ सबूत जुटा रही है। पता लगा है वही मिल का काम देखता था। मौके पर भी वही मिला था। इस मामले में आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई भी की जाएगी।
दरअसल प्रशासन की टीम ने बाराघाटा इंड्रस्ट्रियल एरिया में आटा मिल पर छापा मारा था। यहां सड़ा गेहूं मिला था। शनिवार को फूड कंट्रोलर सीएस जादौन ने एफआईआर के लिए प्रतिवेदन तैयार कर झांसी रोड थाने में भेजा।
झांसी रोड थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि रात में इस मामले में मिल संचालक आदित्य यादव पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। अभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। जल्द ही आरोपी और उसके गुर्गों को पकड़ा जाएगा। इस मामले में उसके साथी साहिल गुप्ता के बारे में पता लगा है कि वह पूरी मिल की देखरेख करता था। गेहूं की खरीदारी में भी उसका ही हाथ है।