IND vs ENG: चौथे टेस्ट से पहले माइकल वॉन ने उड़ाया मोटेरा की पिच का मजाक (Michael Vaughan/Instagram)
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन (Michael Vaughan) भारतीय पिचों को ट्रोल करने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने देना चाहते हैं. इसी कड़ी में उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) की पिच पर एक बार फिर से निशाना साधा है.
इस तस्वीर में वह हाथ में बल्ला थामे हुए हैं. इसके अलावा मैच से एक दिन पहले यानी बुधवार को एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में वॉन मैदान पर एक ऐसी जगह पर खड़े हुए हैं, जबा बहुत सारी मिट्टी पड़ी हुई है. इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन दिया- चौथे टेस्ट के लिए बहुप्रतीक्षित पिच रिपोर्ट.
भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज में फिलहाल भारत 2-1 से आगे है. जो रूट को उम्मीद होगी की उनकी टीम चौथे टेस्ट में बाउंस बैक करेगी. इंग्लैंड एक बार फिर से नवनिर्मित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगी, जिसमें पिछले टेस्ट के बाद पिच की जमकर आलोचना हुई थी.
दरअसल, भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे मैच में इंग्लैंड को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. यह मैच महज 2 दिन में ही खत्म हो गया था. इस मैच के बाद मोटेरा की पिच की जमकर आलोचना हुई थी. इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन और माइकल वॉन ने इस पिच को मजाक बताया था.
अब चौथे टेस्ट मैच से पहले भी वॉन मोटेरा के विकेट पर कटाक्ष कर रहे हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर बल्लेबाजी करते अपनी एक फोटो शेयर की. वह खराब पिच पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. वह, दरअसल मोटेरा विकेट का मजाक उड़ा रहे हैं. डैरेन सैमी और मोंटी पनेसर जैसे पूर्व क्रिकेटरों ने इस पर रिएक्ट किया हैं. वॉन ने इसे कैप्शन दिया- चौथे टेस्ट के लिए तैयारियां चल रही हैं.

माइकल वॉन के इस कटाक्ष पर भारतीय फैन्स ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी. मोटेरा पिच के बारे में बहुत कुछ कहा और लिखा जा चुका है. तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय स्पिनरों अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने पिंक बॉल टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाजों की कमर तोड़ कर रख दी. इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 112 रन और दूसरी पारी में महज 81 रनों पर आउट हो गई थी.
हाल ही में भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे पिच की आलोचना का जवाब देते हुए कहा, ”जब हम विदेशी दौरों पर जाते हैं तो पिच में पहले दिन नमी होती है. जब विकेट पर घास होती है और उसमें उतार-चढ़ाव होते हैं तो वह खतरनाक बन जाती है. उसकी कोई शिकायत नहीं करता. स्पिनिंग ट्रैक पर आपको गेंद की लाइन को पढ़ना होता है.”