वेस्टइंडीज के कप्तान कायरन पोलार्ड का आखिरी मैच में जादू नहीं चल सका (PIC: AFP)
फैबियन एलेन ने 19वें ओवर में तीन छक्के जड़कर वेस्टइंडीज को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में तीन विकेट से जीत दिलायी.
जेसन होल्डर ने स्पिनर वानिंडुडु हसरंगा का 18वां ओवर खेला और इसमें फ्री हिट पर एक छक्का भी लगाया. अब वेस्टइंडीज को अंतिम दो ओवरों में 20 रन की जरूरत थी. ऐलन ने 19वें ओवर में अकिला धनंजय की पहली, तीसरी और आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर वेस्टइंडीज का स्कोर सात विकेट पर 134 रन पर पहुंचाया.
एलेन का ऑलराउंड प्रदर्शन
एलेन ने छह गेंदों पर 21 रन बनाने के अलावा चार ओवर में 13 रन देकर एक विकेट भी लिया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया.वेस्टइंडीज ने पहले मैच में चार विकेट से जबकि श्रीलंका ने दूसरे मैच में 43 रन जीत दर्ज की थी. श्रीलंका ने तीसरे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. उसका शीर्ष क्रम नहीं चल पाया और 10 ओवर के बाद उसका स्कोर चार विकेट पर 46 रन था.दिनेश चांदीमल (46 गेंदों पर नाबाद 54 रन) और एशेन बंडेरा (35 गेंदों पर नाबाद 44 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों पर 85 रन की अटूट साझेदारी करके श्रीलंका को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.
नहीं चला पोलार्ड और गेल का बल्ला
वेस्टइंडीज ने अच्छी शुरुआत की. लेंडल सिमन्स (26) और एविन लुईस (21) ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े. इन दोनों को हसरंगा ने आउट किया. कप्तान कायरन पोलार्ड चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए, उतरे लेकिन तीसरी गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. क्रिस गेल भी 20 गेंदों पर 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
यह भी पढ़ें:
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
कोच रवि शास्त्री ने बताया बायो बबल का फायदा, बोले- एक-दूसरे को समझने का मिला मौका
निकोलस पूरण (18 गेंदों पर 23) ने उम्मीद जगाई, लेकिन तेज गेंदबाज दुशमंता चमीरा (23 रन देकर दो) ने उनकी पारी लंबी नहीं खिंचने दी. लेग स्पिनर लक्षण संदाकन ने 17वें ओवर में रोवमैन पावेल (सात) और ड्वेन ब्रावो (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट किया. इसके बाद होल्डर (नाबाद 14) और एलेन ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. अब इन दोनों टीमों के बीच गुरुवार से तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी.