महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी वर्मा को एक दिन के लिए प्रदेश का गृह मंत्री बनाया गया.
International Women’s Day: महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी वर्मा एक दिन के लिए मध्य प्रदेश की गृह मंत्री बनी. मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनका सम्मान किया और अपनी सीट पर बैठाया. इस दौरान मीनाक्षी ने एडीजी को जरूरी निर्देश भी दिए.
- Last Updated:
March 8, 2021, 12:08 PM IST
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी वर्मा को सम्मानित किया. यह सम्मान मीनाक्षी वर्मा के लिए सबसे बड़ा था. क्योंकि महिला दिवस उनके लिए इस कदर यादगार रहेगा यह उन्होंने नहीं सोचा था. जब उन्हें पता चला कि आज उन्हें एक दिन के लिए नरोत्तम मिश्रा की तरह काम करने का मौका मिलेगा तो वह हैरान रह गईं.
जनता की समस्या सुनी, एडीजी को दिए निर्देश
ऑनरेरी होम मिनिस्टर मध्य प्रदेश मीनाक्षी वर्मा ने जनता की समस्याओं को सुना और ओएसडी एडीजीपी अशोक अवस्थी को निराकरण के लिए निर्देशित किया. रोजाना की तरह गृह मंत्री के बंगले पर कई लोग अपनी अलग-अलग समस्याओं को लेकर पहुंचे थे. आज जब नरोत्तम मिश्रा सीट पर नहीं थे तो लोग भी हैरान रह गए. गृह मंत्री की सीट पर महिला कॉन्सटेबल को देखकर वो चौंक गए. हालांकि जब उन्हें पता चला कि आज नरोत्तम मिश्रा की जगह महिला कॉन्स्टेबल उनका काम करेंगी तो वे नॉर्मल हुए.आम लोगों की तरह बैठे नरोत्तम मिश्रा
इसके बाद लोगों ने अपनी समस्याओं को मीनाक्षी को बताया. मीनाक्षी ने भी होम मिनिस्टर की तरह शिकायतों को सुना और उन शिकायतों पर कार्रवाई के लिए ओएसडी अवस्थी को निर्देश दिए. हालांकि इस दौरान नरोत्तम मिश्रा भी आमजन की तरह कुर्सी पर बैठे हुए थे. जो शिकायतें मीनाक्षी के पास से फॉरवर्ड हो कर आ रही थीं उन्हें देख भी रहे थे.