Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
होशंगाबादएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
- कोरोना कर्फ्यू में प्रशासन की कार्रवाई का व्यापारी संगठनों ने दिया ज्ञापन
कोरोना कर्फ्यू में दुकान खोलकर व्यापार करने वाले व्यापारियों पर प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में जुर्माना लगाया और दुकानें सील कर दीं। कुछ दुकानदारों को चेतावनी दी कि अगली बार दुकान खुली नहीं दिखनी चाहिए। दूसरी ओर 3 व्यापारी संगठनों ने जरूरी वस्तुओं की होम डिलीवरी कर रहे दुकानदारों का भी जबरन चालान बनाने और दुकान सील करने की घटना का विरोध किया है।
शनिवार को इन संगठनों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर घोषणा की है कि वे अगली सूचना तक होम डिलीवरी बंद रखेंगे। शुक्रवार को नायब तहसीलदार पूनम साहू, टीआई रामस्नेही चौहान और सीएमओ हेमेश्वरी पटले ने पुलिस को साथ बाजार का निरीक्षण किया था। जो लोग बाजार में बिना मतलब घूमते दिखे उन्हें घर जाने को कहा गया।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जवाहर बाजार से सब्जी मंडी तक पहुंचे। फल-सब्जी बेच रहे कई दुकानदार व ग्राहक मास्क गले में लटकाए हुए थे। कुछ सब्जी विक्रेताओं के पास मास्क ही नहीं था। इनको मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंस के नियम का पालन करने को कहा गया। शनिवार को भी कुछ खुली दुकानों पर जुर्माना किया गया।
काेराेना कर्फ्यू में इन पर छूट
जिला प्रशासन ने इटारसी सहित पूरे जिले में 14 से 22 अप्रैल तक कोरोना कर्फ्यू लगा रखा है। इसमें इमरजेंसी सेवाओं मेडिकल स्टोर, अस्पताल, पेट्रोल पंप, सरकारी दफ्तर, बैंक, एटीएम, वैक्सीनेशन सेंटर, कृषि सामग्री, अखबार वितरण को छूट दी गई है। गांव से दूध-सब्जी, किराना दुकान से सामान व रेस्टोरेंट से खानपान सामग्री की होम डिलीवरी करने की अनुमति है। इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर,कारपेंटर व श्रमिक स्थल पर जाकर काम कर सकेंगे।
व्यापारी नाराज, होम डिलीवरी की बंद
व्यापारिक संगठनों का आरोप है कि शुक्रवार को प्रशासन ने व्यापारियों के साथ अभद्रता की। व्यापारी अपनी दुकानों से होम डिलीवरी कर रहे थे जो कि प्रशासन से पहले तय हुआ था। इस घटना पर एफएमसीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन सचिव प्रमेश जैन, किराना व्यापार महासंघ अध्यक्ष गोविंद बांगड़ और फुटकर किराना एसोसिएशन अध्यक्ष भारतभूषण गांधी के हस्ताक्षर से कलेक्टर को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया। संगठनों ने निर्णय लिया कि दुकानदार होम डिलीवरी बंद रखेंगे।