Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सीसीटीवी में बाइक से जाते कैद हुए चोर।
सोने-चांदी की दुकान पर बैठी एक महिला को बातों में उलझाकर मां-बेटे 80 ग्राम से ज्यादा सोने के जेवर ले उड़े। दोनों का हुलिया सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
चंदननगर पुलिस के अनुसार 62 वर्षीय विमला पति स्व. राजेन्द्र सोनी निवासी 445 सिरपुर, माता मन्दिर के आगे धार रोड इंदौर ने एक महिला और उसके बेटे की उम्र के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। विमला ने बताया कि घटना 27 फरवरी की शाम 4.40 बजे की है। उस वक्त उनका बेटा काम से बाजार गया था। तभी बाइक पर एक महिला एक युवक के साथ दुकान पर आई। युवक ने आते ही विमला से उनके बेटे के बारे में पूछा। विमला ने कहा कि बाजार गया है। कोई काम हो तो मुझे बताएं। इस पर युवक ने कहा कि उसे मां के लिए मंगलसूत्र की कटोरी लेना है। विमला ने सोने की कटोरियां दिखाईं तो उन्होंने छोटी कटोरी सिलेक्ट की। फिर कहा कि मोती भी दिखा दो।

विमला को महिला ने बातों में उलझा लिया था।
कटोरियां फैलाकर दिया वारदात को अंजाम
जब विमला ने मोती दिखाए तो आरोपी ने उन्हें फैला दिया, ताकि विमला उन्हें समेटने में लग जाए। फिर युवक ने विमला से कहा कि उसे तो बड़ी वाली कटोरी चाहिए। उसने फिर से बड़ी कटोरियों का बाॅक्स निकलवा लिया। फिर खुद को युवक की मां बताने वाली महिला ने विमला को बातों में उलझाया। तभी मौका पाकर बदमाश ने विमला के पैरों के पास पड़ा डिब्बा उठाया। धीरे से अपनी मां को दिया। फिर वे बोले कि यहां तो ठीक भाव नहीं होगा, सराफा चलते हैं। फिर वे दोनों बाइक से भाग निकले। उनके निकलते ही विमला ने सोने के जेवरों का डिब्बा देखा, नहीं मिला तो उसे दराज में खोजा। जब नहीं मिला तो वह घबरा गई। उसने बाद में सब्जी वाले व अन्य लोगों को वारदात बताई। हालांकि बदमाशों का हुलिया एक जगह लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुका है। पुलिस इस आधार पर जांच कर रही है।
बॉक्स में यह सब रखा था
विमला के अनुसार डिब्बे में सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कान की लटकन, सोने का पेंडल, सोने की 2 कटोरी, दाने, एक पेंडल, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी बाली, ओम वाला पेंडल, एक हार (आॅर्डर वाला) चांदी के सिक्के और अन्य जेवरात ले गए हैं। महिला का कहना है कि जेवरों का वजन और भी ज्यादा हो सकता है। अभी उसे जितना याद था इतना ही लिखवाया है।