भारत और न्यूजीलैंड के बीच जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा (PIC: AFP)
ब्रिटेन ने भारत को ‘लाल सूची’ में डाल दिया है. इसका मतलब है कि देश से सभी यात्राओं पर पाबंदी लग गई है. ब्रिटेन ने यह कदम भारत में कोविड-19 (Covid-19) के मामलों में बढ़ोतरी के कारण उठाया है.
आईसीसी ने सोमवार की रात जारी बयान में कहा कि ईसीबी (इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड) और अन्य सदस्यों ने दिखाया है कि हम महामारी के बीच कैसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आयोजन कर सकते हैं और हमें विश्वास है कि हम आगे भी ऐसा करना जारी रख सकते हैं और डब्ल्यूटीसी फाइनल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ब्रिटेन में जून में आयोजित किया जाएगा. इसमें कहा गया है, ‘हम अभी ब्रिटिश सरकार से ‘लाल सूची’ में डाले गये देशों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
कुछ भी कहना असंभव
इस बीच बीसीसीआई के सूत्रों ने पीटीआई भाषा से कहा कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना असंभव है और बोर्ड को उम्मीद है जब टीम डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिये जून के शुरू में ब्रिटेन की यात्रा करेगी तब तक भारत ‘लाल सूची’ में नहीं रहेगा. सूत्रों ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘हम अभी नहीं जानते हैं कि जून में स्थिति कैसी होगी. यात्रा संबंधी दिशा निर्देश कोविड की स्थिति के अनुसार बदलते रहते हैं.भारतीय टीम जून के शुरू में जब ब्रिटेन के लिए रवाना होगी हो सकता है कि तब तक देश लाल सूची में नहीं रहे. जिसमें 10 दिन के कड़े पृथकवास का प्रावधान है. उन्होंने कहा कि लेकिन यदि इसकी आवश्यकता पड़ती है तो ऐसा किया जाएगा. वर्तमान की स्थिति में कुछ नहीं कहा जा सकता है. ब्रिटेन में मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यदि इसकी जरूरत पड़ती है तो साउथम्पटन में रोज बाउल और उससे जुड़े होटल को ‘लाल सूची’ के देशों से आगमन के लिए मंजूरी मिल सकती है और वहां पिछले सत्र की तरह पूर्ण जैव सुरक्षित वातावरण तैयार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें :
IPL 2021: …तो इसलिए धोनी को कहते हैं कप्तानों का कप्तान, एक सलाह से पलट गया पूरा मैच
IPL 2021: जडेजा की नो बॉल पर बटलर का जोरदार छक्का राजस्थान को पड़ा भारी, हार की वजह बना
सरकार से चल रही है बातचीत
‘गार्डियन’ समाचार पत्र ने ईसीबी प्रवक्ता के हवाले से कहा है, ‘हम अभी लाल सूची में दर्ज देशों के प्रभाव को लेकर सरकार से बातचीत कर रहे हैं. हमने साथ मिलकर काम करके दिखाया कि हम कैसे महामारी के चलते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सफल आयोजन कर सकते हैं और उम्मीद है कि हम इस साल फिर से ऐसा करने में सफल रहेंगे. भारतीय महिला क्रिकेट टीम को भी जून में ब्रिटेन का दौरा करना है जबकि पुरुष टीम को चार अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है.
यह भी देखना होगा कि भारत को ‘लाल सूची’ में डालने का आईपीएल में खेल रहे इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों पर कैसा असर पड़ता है. ये खिलाड़ी इन दोनों देशों के बीच दो जून से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिये ब्रिटेन जाएंगे. आईपीएल का फाइनल 30 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा.