एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को मैच खेला जाना है. पाकिस्तान और भारत के आपसी संबंध अच्छे न होने की वजह से सोशल मीडिया पर लोग इसे बॉयकाट कर रहे हैं. पहलगाम हमले के बाद ये पहला मौका होगा जब भारत और पाकिस्तान आपस में भिड़ेंगे. इसी बीच में आईपीएल की फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने हैरान कर देने वाले पोस्ट को शेयर किया है. भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर पंजाब किंग्स की फ्रेंचाइजी ने एक ट्वीट किया है, जो कि चर्चा का विषय बन गया है.
पंजाब किंग्स ने किया पोस्ट
पंजाब किंग्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की जो कि लोगों का खूब ध्यान खींच रही है. उन्होंने लिखा, ‘डिफेंडिंग चैंपियन का दूसरा मैच, लेट्स गो.’ पंजाब किंग्स ने इस पोस्ट में सूर्यकुमार यादव की फोटो लगाई साथ में भारतीय टीम का लोगो लगाया. उन्होंने इस फोटो में पाकिस्तान का नाम तक नहीं लिखा. पंजाब किंग्स के इस रवैये को लोग सोशल मीडिया पर जमकर पसंद कर रहे हैं.
— Punjab Kings (@PunjabKingsIPL) September 11, 2025
पूर्व खिलाड़ी भी जमकर कर रहे विरोध
भारत के पूर्व खिलाड़ी मनोज तिवारी और स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह भी भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे मैच का जमकर विरोध करते दिख रहे हैं. एक इवेंट के दौरान हरभजन सिंह ने कहा, ‘भारत और पाक के बीच हाइवोल्टेज मुकाबले पर सबकी नजरे रहती हैं, लेकिन हाल ही में हुए हमले के बाद मेरा ये मानना है कि ये मैच नहीं होना चाहिए. हमने भी वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स में पाकिस्तान के खिलाफ मैच का पूरी तरह से बॉयकॉट किया था . हालांकि, ये फैसला सरकार का होगा और हम उस फैसले का सम्मान करेंगे.’ साथ ही मनोज तिवारी भी इस मैच पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा, ‘ये मैच नहीं होना चाहिए. तिवारी ने तो यहां तक कहा भारत और पाक के बीच होने वाले मैच को मैं देखूंगा भी नहीं.’
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था मामला
सुप्रीम कोर्ट में दायर हुई याचिका में भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट संबंधों को लेकर गहरी चिंता जताई गई. याचिकाकर्ताओं ने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होना न सिर्फ क्रिकेट जगत में बल्कि पूरे देश में गलत मैसेज जाएगा. जिस तरह से पहलगाम में हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चले ऑपरेशन सिंदूर से भारतीय सैनिकों की जान चली गई थी. उसके बाद तो ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए. ये सैनिकों के साथ नाइंसाफी होगी.’ हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने याचिको को खारिज कर दिया था.
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी में जुटे हिटमैन? वायरल वीडियो ने लगाई सोशल मीडिया पर आग