इंदौर-शारजहां फ्लाइट के समय में हुआ बदलाव: इंदौर से अब 11 बजे भरेगी उड़ान; स्लॉट परिवर्तन के कारण समय में हुए बदलाव – Indore News

इंदौर-शारजहां फ्लाइट के समय में हुआ बदलाव:  इंदौर से अब 11 बजे भरेगी उड़ान; स्लॉट परिवर्तन के कारण समय में हुए बदलाव – Indore News



इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर-शारजाह फ्लाइट के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। अब यह फ्लाइट रोजाना सुबह 11 बजे इंदौर से रवाना होगी।

.

करीब एक सप्ताह पहले ही इस उड़ान को नियमित कर रात के बजाय सुबह संचालित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब एयरलाइन ने नया शेड्यूल जारी करते हुए उड़ान का समय डेढ़ घंटे आगे बढ़ा दिया है।

इंदौर एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर से शारजाह के लिए चलने वाली फ्लाइट (IX-255/256) अब सुबह 11 बजे इंदौर से रवाना होगी और शाम 6.30 बजे शारजाह से वापस इंदौर पहुंचेगी। पहले यह फ्लाइट सुबह 9.25 बजे इंदौर से उड़ान भरती थी और शाम 5 बजे शारजाह से लौटती थी।

एयरलाइन की ओर से बताया गया है कि यह परिवर्तन शारजाह एयरपोर्ट पर स्लॉट में हुए बदलाव के चलते किया गया है। कंपनी ने इस बदलाव की सूचना इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन को औपचारिक ई-मेल के माध्यम से दी, जिसके बाद विमानतल प्रबंधन ने भी अपने ऑपरेशनल शेड्यूल में आवश्यक संशोधन लागू कर दिए हैं।

सुबह की घरेलू उड़ानों को मिलेगी राहत

पहले शारजाह फ्लाइट का समय सुबह 9.25 बजे था। इस दौरान सुबह 8 से 10 बजे के बीच इंदौर से पांच से अधिक घरेलू उड़ानें रवाना होती थीं। इस वजह से यात्रियों की भीड़ इतनी बढ़ जाती थी कि अंतरराष्ट्रीय डिपार्चर एरिया को भी अस्थायी रूप से घरेलू यात्रियों के लिए खोलना पड़ता था।

अब फ्लाइट का समय डेढ़ घंटे आगे बढ़ने से सुबह के व्यस्त समय में एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा और घरेलू उड़ानों के संचालन में आसानी होगी।

सालभर चली मांग के बाद हुई नियमित उड़ान

इंदौर से शारजाह के बीच यह उड़ान लंबे समय से यात्रियों की मांग पर शुरू की गई थी। पहले यह फ्लाइट सप्ताह में केवल दो दिन संचालित होती थी। 26 अक्टूबर से एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इसे दैनिक नियमित उड़ान में तब्दील किया था।

उस समय यात्रियों की सुविधा और कनेक्टिविटी को देखते हुए उड़ान का समय रात से बदलकर सुबह किया गया था।अब, एक सप्ताह के भीतर ही यह दूसरी बार है जब कंपनी ने इसके संचालन समय में बदलाव किया है।

इंदौर एयरपोर्ट से 90 से अधिक उड़ानों का संचालन

विंटर शेड्यूल के तहत इस बार इंदौर एयरपोर्ट से प्रतिदिन 90 से अधिक उड़ानें आने-जाने लगी हैं। अब औसतन 11,500 यात्री प्रतिदिन फ्लाइट से सफर कर रहे हैं। इसके अलावा गोवा के लिए दो अतिरिक्त उड़ानें भी शुरू हो चुकी हैं। पहले यहां से प्रतिदिन लगभग 82 फ्लाइट संचालित होती थीं और करीब 10,000 यात्री रोजाना यात्रा करते थे।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ यात्रियों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।साथ ही, इंदौर-शारजाह के बीच अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट अब सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से संचालित हो रही है।



Source link