दतिया के सिनावल थाना इलाके के रावरी गांव में दहेज की मांग से मानसिक रूप से उत्पीड़ित एक महिला ने आखिरकार जीवन से हार मान ली। जहरीला पदार्थ निगलने के बाद गंभीर हालत में भर्ती महिला की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि
.
जानकारी के अनुसार, पूजा पाल की शादी रावरी गांव के शिवराम पिता मोतीराम पाल से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद ही पूजा पर दहेज का दबाव बढ़ने लगा। पुलिस के मुताबिक शिवराम, उसका पिता मोतीराम और मां विद्या पाल उसे दहेज में सोने की जंजीर और दो लाख रुपए नकद लाने के लिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। परिजनों ने बताया कि पूजा कई बार ससुराल पक्ष को मना करती रही, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला थमा नहीं। दबाव और उत्पीड़न के बीच पूजा मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी।
इसी तनाव में 13 अक्टूबर को उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन और ससुरालवाले उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन 14 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूजा के मायके पक्ष ने पति और ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पूछताछ व साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि पूजा को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। एसडीओपी ने बताया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर तीनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम अब आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किए जाने की बात कही जा रही है।