Australian Open 2026 Elina Svitolina vs Coco Gauff: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में मंगलवार (27 जनवरी) को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला. यूक्रेन की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना ने तीसरी वरीयता प्राप्त अमेरिका की कोको गॉफ को सीधे सेटों में हराकर सनसनी मचा दी. वह पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल हुईं. कुल मिलाकर उनका यह चौथा ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल होगा.
स्वितोलिना ने गॉफ को सीधे सेटों में हराया
क्वार्टरफाइनल मुकाबले में स्वितोलिना ने 59 मिनट तक चले मुकाबले में गॉफ को 6-1, 6-2 से मात दी. मैच की शुरुआत से ही स्वितोलिना ने आक्रामक और सटीक खेल दिखाया. दूसरी ओर, कोको गॉफ अपनी सर्विस और अनफोर्स्ड एरर्स से जूझती नजर आईं. शुरुआती सेट में गॉफ की सर्विस लगातार दबाव में रही और एक अहम गेम में दो डबल फॉल्ट कर बैठीं, जिससे स्वितोलिना को आसान ब्रेक मिला. स्वितोलिना की पैनी बेसलाइन स्ट्रोक्स और बेहतर मूवमेंट ने पहले सेट को एकतरफा बना दिया, जिसे उन्होंने 6-1 से अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें: Explained: ICC के गली की हड्डी बना पाकिस्तान, टी20 वर्ल्ड कप से बॉयकॉट किया तो क्या होगा?
लगातार 10वें मैच में जीतीं स्वितोलिना
दूसरे सेट में गॉफ ने वापसी की कोशिश की और वाइड सर्व के जरिए कुछ पॉइंट हासिल किए, लेकिन वह लगातार अपना स्तर बनाए रखने में असफल रहीं. स्वितोलिना ने मौके का पूरा फायदा उठाया और पूरे मैच में कुल पांच बार गॉफ की सर्विस तोड़ते हुए जीत सुनिश्चित की. इस जीत के साथ स्वितोलिना का जीत का सिलसिला 10 मैचों तक पहुंच गया है, जो उनके करियर का तीसरा सबसे लंबा टूर-लेवल स्ट्रीक है. इससे पहले वह 2017 में लगातार 15 और 2025 में 11 मैच जीत चुकी हैं. दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी स्वितोलिना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले ऑकलैंड में अपना 19वां डब्ल्यूटीए खिताब जीता था और मेलबर्न पार्क में अब तक एक भी सेट नहीं गंवाया है.
ये भी पढ़ें: U19 World Cup: वैभव सूर्यवंशी का प्रहार, विहान मल्होत्रा का शतकीय वार… सुपर सिक्स में भारत ने जिम्बाब्वे को रौंदा
सबालेंका से होगा सेमीफाइनल मैच
मैच के दौरान उन्हें उनके पति और फ्रेंच टेनिस स्टार गेल मोनफिल्स का कोर्टसाइड सपोर्ट भी मिला. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर स्वितोलिना की अगले सप्ताह जारी होने वाली डब्ल्यूटीए रैंकिंग में अक्टूबर 2021 के बाद पहली बार टॉप-10 में वापसी तय मानी जा रही है. गॉफ पर यह जीत स्वितोलिना के करियर की 24वीं टॉप-5 जीत है, जिनमें से चार ग्रैंड स्लैम में आई हैं और ये सभी उनकी मैटरनिटी लीव के बाद की उपलब्धियां हैं. गुरुवार को सेमीफाइनल में उनका सामना नंबर-1 सीड आर्यना सबालेंका से होगा.