खिलाड़ियों पर 50 लाख का जुर्माना, T20 WC से बाहर होने के बाद बौखलाया पाकिस्तान

खिलाड़ियों पर 50 लाख का जुर्माना, T20 WC से बाहर होने के बाद बौखलाया पाकिस्तान


होमखेलक्रिकेट

खिलाड़ियों पर 50 लाख का जुर्माना, T20 WC से बाहर होने के बाद बौखलाया पाकिस्तान

Last Updated:

T20 World Cup Pakistan: टी-20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन करना पाकिस्तानी क्रिकेटरों के लिए भारी पड़ा है, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपने हर खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है. वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने चार मैच जीते, दो हारे और एक मैच बेनतीजा रहा. सुपर-8 में इंग्लैंड से मैच गंवाने और न्यूजीलैंड वाला मुकाबला बारिश में धुलने के चलते टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई.

Zoom

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

लाहौर: टी-20 वर्ल्ड कप में घटिया प्रदर्शन के बाद बाहर हो चुकी पाकिस्तानी क्रिकेट टीम पर पीसीबी ने 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का मोटा फाइन ठोका है. भारतीय करेंसी में ये कीमत तकरीबन 12 लाख रुपये के आसपास है. जीतने पर तो टीम को इनाम मिलने की खबर आपने कई मर्तबा सुनी होगी, लेकिन हारने के बाद हर टीम के खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाने का ये अनोखा और अजीबोगरीब मामला है. दरअसल, यह फैसला भारत के खिलाफ हार के तुरंत बाद लिया गया था. सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने खिलाड़ियों को साफ-साफ कह दिया है कि लाड़-प्यार बहुत हो चुका. अब से वित्तीय लाभ केवल प्रदर्शन के आधार पर ही मिलेंगे.

सुपर-8 से बाहर हुआ पाकिस्तान
पाकिस्तान टी-20 विश्व कप के अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ हार से बाल-बाल बचा था और फिर अमेरिका पर जीत हासिल करने में कामयाब रहा. श्रीलंका की परिस्थितियों से परिचित होने और अच्छे स्पिन गेंदबाजों की मौजूदगी को देखते हुए भारत के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन एशिया कप के तीन मैचों की तरह इस बार भी टीम नाकाम रही. नामीबिया को हराने के बाद पाकिस्तान सुपर 8 में जैसे-तैसे पहुंच गया. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और फिर इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा, जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कमजोर हो गई. इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत ने पाकिस्तान की उम्मीदें फिर जगा दीं, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ मामूली जीत से भी उनके रन रेट में पर्याप्त सुधार नहीं हुआ. नतीजतन न्यूजीलैंड भी सेमीफाइनल में पहुंच गया और पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो गया.

भारत से हारते ही एक्शन में आ चुका था पीसीबी
फैंस की तरह ही बोर्ड के अधिकारी भी टीम के प्रदर्शन से बेहद नाखुश हैं. सूत्रों के मुताबिक हर खिलाड़ी पर 50-50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है. अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिलते हैं तो उन्हें खराब प्रदर्शन के लिए जुर्माना भी भरना होगा. भारत से हारने के तुरंत बाद टीम को इस फैसले की जानकारी दे दी गई थी. पीसीबी अपने ए कैटेगरी के खिलाड़ी को 45 लाख रुपये मासिक वेतन के साथ-साथ आईसीसी राजस्व से 27 लाख रुपये का हिस्सा भी मिलता है. बी श्रेणी के खिलाड़ियों को 30 लाख रुपये मासिक वेतन और आईसीसी के हिस्से के रूप में 15 लाख रुपये मिलते हैं. सी श्रेणी के खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये मासिक वेतन और आईसीसी के हिस्से के रूप में 10 लाख रुपये मिलते हैं. डी श्रेणी के खिलाड़ियों को 7 लाख रुपये मासिक वेतन और आईसीसी के हिस्से के रूप में 57 लाख रुपये मिलते हैं. मैच फीस अलग से है. 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 तक के केंद्रीय अनुबंधों में ए श्रेणी में किसी भी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया था.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

फूंके कारतूस साबित हुए पाकिस्तानी खिलाड़ी
मौजूदा विश्व कप में पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान 383 रन के साथ टॉप स्कोरर रहे. हैरानी की बात यह है कि अन्य शीर्ष बल्लेबाज, सईम अयूब, सलमान अली आगा, बाबर आजम और उस्मान खान पूरे टूर्नामेंट में व्यक्तिगत रूप से 100 रन भी नहीं बना पाए. गेंदबाजों में 10 विकेट लेने वाले स्पिनर उस्मान तारिक को छोड़कर बाकी बॉलर्स का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा. कोच माइक हेसन के करीबी माने जाने वाले कप्तान सलमान अली आगा बल्लेबाजी में बुरी तरह असफल रहे और कप्तान के रूप में उनके फैसलों पर भी सवाल उठे. आने वाले दिनों में पीसीबी और भी सख्त फैसले ले सकता है.

About the Author

Anshul Talmale

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें



Source link