गर्मी में पशुओं के लिए ‘सुपर’ चारा! बाल्टी भर-भर देंगे दूध, बीमारी नहीं होगी

गर्मी में पशुओं के लिए ‘सुपर’ चारा! बाल्टी भर-भर देंगे दूध, बीमारी नहीं होगी


होमताजा खबरकृषि

गर्मी में पशुओं के लिए ‘सुपर’ चारा! बाल्टी भर-भर देंगे दूध, बीमारी नहीं होगी

Last Updated:

Animal Husbandry Tips: एजोला (Azolla Benefits) सिर्फ गाय-भैंस ही नहीं बल्कि मुर्गियों के लिए भी लाभकारी है. इसे खिलाने से अंडा उत्पादन में बढ़ोतरी होती है और पक्षियों की सेहत अच्छी रहती है. एजोला को हमेशा साफ पानी में उगाना चाहिए.

खंडवा. गर्मी का मौसम इंसानों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी मुश्किल भरा होता है. तेज धूप और लू के कारण पशु कमजोर हो जाते हैं और कई बार दूध देना भी कम या बंद कर देते हैं. ऐसे में पशुपालकों के लिए सबसे बड़ी चिंता पशुओं को स्वस्थ रखना होता है. गर्मी में पशुओं के लिए एजोला (पानी में उगने वाली घास) एक बेहतरीन और पौष्टिक आहार माना जाता है. यह एक जलीय पौधा है, जिसे गाय, भैंस, बकरी और यहां तक कि मुर्गियां भी खा सकती हैं. कम लागत में तैयार होने वाला यह चारा पशुपालकों के लिए काफी फायदेमंद है. खंडवा के डॉक्टर हेमंत शाह के अनुसार, एजोला दुधारू पशुओं के लिए बेहद लाभकारी है. इसमें 25–30% तक प्रोटीन पाया जाता है, जो पशुओं की सेहत सुधारने के साथ दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद करता है. नियमित रूप से एजोला खिलाने से दूध उत्पादन में 15–20% तक बढ़ोतरी देखी जा सकती है.

गर्मी के मौसम में एजोला खिलाने से पशुओं के शरीर को ठंडक मिलती है. इससे पशु ज्यादा एक्टिव रहते हैं और हीट स्ट्रेस का असर कम होता है. बीमारियों का खतरा भी काफी हद तक घट जाता है. एजोला में कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. प्रोटीन (25–30%) अमीनो एसिड, विटामिन ए, बी12 और बीटा कैरोटीन कैल्शियम और फास्फोरस, ये सभी तत्व पशुओं की ग्रोथ और सेहत के लिए बेहद जरूरी होते हैं.

7 से 10 दिन में तैयार
एजोला बहुत तेजी से बढ़ने वाला पौधा है. यह 7 से 10 दिन में अपनी मात्रा दोगुनी कर सकता है. 15 से 20 दिनों में यह कटाई के लिए तैयार हो जाता है, जिससे लगातार चारा मिलता रहता है.

कम लागत में तैयार होगा चारा
एजोला को उगाने के लिए ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ता. इसे पानी की क्यारी, टंकी या गड्ढे में आसानी से उगाया जा सकता है. गोबर और मिट्टी की मदद से इसका उत्पादन और भी बेहतर हो जाता है.

पशुओं को कैसे खिलाएं?
पशुओं को एजोला सीधे या भूसे के साथ मिलाकर खिलाया जा सकता है. डॉक्टरों के अनुसार, दुधारू पशुओं को रोजाना दो से ढाई किलो एजोला देना फायदेमंद होता है. नियमित सेवन से 10 से 15 दिनों में असर दिखने लगता है.

बीमारियों से बचाव
एजोला खिलाने से पशुओं में कैल्शियम और फास्फोरस की कमी पूरी होती है. इससे बांझपन जैसी समस्याएं कम होती हैं और पशु स्वस्थ रहते हैं. साथ ही यह इम्युनिटी बढ़ाकर बीमारियों से बचाव करता है.

मुर्गियों के लिए भी फायदेमंद
एजोला सिर्फ गाय-भैंस ही नहीं बल्कि मुर्गियों के लिए भी फायदेमंद है. इसे खिलाने से अंडा उत्पादन में बढ़ोतरी होती है और पक्षियों की सेहत बेहतर रहती है. एजोला हमेशा साफ पानी में उगाएं. सड़ा या बदबूदार एजोला पशुओं को न खिलाएं. शुरुआत में कम मात्रा से खिलाना शुरू करें. अत्यधिक गर्मी में इसे छाया में रखें.

पानी में होती है खेती
एजोला खेत में नहीं बल्कि पानी की सतह पर उगाया जाता है. यह छोटे से गड्ढे या टंकी में भी आसानी से तैयार हो सकता है, जिससे हर किसान इसे अपना सकता है. अगर आप गर्मी में अपने दुधारू पशुओं को स्वस्थ रखना चाहते हैं और दूध उत्पादन बढ़ाना चाहते हैं, तो एजोला एक सस्ता, आसान और असरदार उपाय है. यह न सिर्फ पशुओं को बीमारियों से बचाता है बल्कि कम लागत में ज्यादा मुनाफा भी दिलाता है.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link