Last Updated:
who is Mayank Rawat: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में दिल्ली के उभरते ऑलराउंडर मयंक रावत को पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू का मौका दिया. 26 वर्षीय मयंक को घरेलू क्रिकेट और ‘दिल्ली प्रीमियर लीग’ में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद 30 लाख रुपये में खरीदा गया था. 140 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी और सटीक ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करने वाले मयंक से टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या को काफी उम्मीदें हैं जो जिससे मध्यक्रम को नई मजबूती देंगे.
मयंक रावत ने मुंबई की ओर से आईपीएल में किया डेब्यू.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट और आईपीएल के गलियारों में हर साल नए सितारे जन्म लेते हैं. आईपीएल का मौजूदा सीजन भी इससे अछूता नहीं है. आज वानखेड़े स्टेडियम की चकाचौंध के बीच एक नया नाम सुर्खियों में है मयंक रावत. दिल्ली के इस 26 वर्षीय ऑलराउंडर ने आज पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के लिए अपना बहुप्रतीक्षित डेब्यू किया. पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस समय एक कठिन दौर से गुजर रही है. टीम अपने मध्यक्रम को स्थिर करने और गेंदबाजी में गहराई लाने की कोशिश में है. ऐसे में कप्तान हार्दिक पांड्या ने अनुभवी कीवी ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर के बीमार होने के बाद मयंक रावत पर भरोसा जताया और उन्हें प्रतिष्ठित ‘MI कैप’ सौंपी.
मयंक रावत (Mayank Rawat) का जन्म 4 दिसंबर 1999 को नई दिल्ली में हुआ था. वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से खेलते हैं. मयंक ने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली के आयु-वर्ग क्रिकेट से की थी, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. 2024 में ‘दिल्ली प्रीमियर लीग’ (DPL) के दौरान ईस्ट दिल्ली राइडर्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 289 रन बनाए, जिसने आईपीएल स्काउट्स का ध्यान उनकी ओर खींचा. वह डीपीएल में एक ओवर में पांच छक्के जड़ चुके हैं. उन्होंने 18 अक्टूबर 2024 को तमिलनाडु के खिलाफ अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और जल्द ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के जरिए टी20 प्रारूप में भी अपनी जगह बनाई. मयंक को उनके कोच राजेश नागर ने 2011 से तराशा है. उनकी ताकत बड़े शॉट लगाने की क्षमता और सटीक राइट-आर्म ऑफ-ब्रेक गेंदबाजी है.
मयंक रावत ने मुंबई की ओर से आईपीएल में किया डेब्यू.
आईपीएल 2026 नीलामी और मुंबई का दांव
आईपीएल 2026 की नीलामी के दौरान मुंबई इंडियंस ने मयंक रावत को उनके 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था. हालांकि यह एक बड़ी रकम नहीं थी, लेकिन रणनीतिक रूप से यह MI का एक मास्टरस्ट्रोक माना गया. किरण मोरे और पार्थिव पटेल जैसे दिग्गजों वाली मुंबई इंडियंस की टैलेंट स्काउट टीम ने मयंक के ऑलराउंड कौशल को पहचाना था. आज के मैच में उनकी टीम में शामिल होना यह दर्शाता है कि नेट सत्र में उन्होंने कोच मार्क बाउचर और कप्तान पांड्या को प्रभावित किया है. मयंक न केवल निचले मध्यक्रम में विस्फोटक बल्लेबाजी का विकल्प देते हैं, बल्कि वानखेड़े जैसी पिचों पर अपनी ऑफ-स्पिन से रन गति पर अंकुश भी लगा सकते हैं.
मयंक रावत के घरेलू आंकड़े
घरेलू टी20 क्रिकेट में मयंक का स्ट्राइक रेट 140 के करीब रहा है. जो डेथ ओवर्स में उन्हें एक खतरनाक खिलाड़ी बनाता है. घरेलू टी20 में उनका औसत करीब 28.5 का रहा है, जिसमें उन्होंने जरूरत पड़ने पर मैच जिताऊ पारियां खेली हैं. वह न केवल विकेट चटकाने में माहिर हैं, बल्कि 7.60 की इकोनॉमी के साथ रनों पर लगाम भी लगाते हैं. हालिया घरेलू सत्र में उन्होंने कई बार 40 प्लस के स्कोर और महत्वपूर्ण 3-विकेट हॉल लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है.
मयंक के कठिन संघर्ष की कहानी
मयंक का यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. अंडर-14 स्तर पर हरियाणा के खिलाफ 220 रन और फिर एक अन्य मैच में 244 रनों की विशाल पारियां खेलने के बावजूद, उन्हें टीम में निरंतर मौके नहीं मिले. कई सालों तक उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा या सीमित अवसरों में खुद को साबित करना पड़ा. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी फिटनेस व तकनीक पर काम करना जारी रखा.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें