विदिशा जिले के सिरोंज में गुरुवार शाम एक यात्री बस पलट गई। इस दुर्घटना में 25 से अधिक लोग घायल हो गए। तिरुपति बस (MH31 DS 8368) सिरोंज से बामोरीशाला जा रही थी। यह घटना सिरोंज से करीब 8 किलोमीटर दूर कुरवाई रोड पर ग्राम भटोली के पास शाम 7 बजे के बाद हुई। बस बेकाबू होकर खेत में जा पलटी। दुर्घटना के बाद बस चालक नादिर खान मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पथरिया थाना प्रभारी ऋतुराज सिंह, सिरोंज थाने का पुलिस बल, एसडीओपी सिरोंज सोनू डाबर और एसडीओपी कुरवाई रोशनी सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। 112 वाहन और 4-5 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सिरोंज अस्पताल पहुंचाया गया। घायल रात में पहुंचे थे अस्पताल ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) नीरज पंथी ने बताया कि अस्पताल में 25 घायल लाए गए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें विदिशा रेफर किया गया है। कुछ घायल रात 8:30 बजे तक अस्पताल पहुंचे थे। घटना की जानकारी मिलते ही सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा, सिरोंज एसडीएम हरिशंकर विश्वकर्मा और पुलिस प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची। प्रशासन पूरा इंतजाम करेगा विधायक शर्मा ने घायलों का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने घायलों के लिए एनर्जी ड्रिंक और भोजन की व्यवस्था कराई। कम चोटिल लोगों को उनके घर वापस भेजने का इंतजाम भी किया गया। अशोकनगर और रायसेन के कुछ घायलों को भी प्रशासन की सहायता से उनके घर भेजा गया। विधायक उमाकांत शर्मा ने इस दौरान कहा कि बसों को तेज गति से चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि इससे लोगों की जान को खतरा होता है।
Source link