शिवपुरी जिले के पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी ने करैरा एसडीओपी (SDOP) आयुष जाखड़ पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया है।
.
विधायक के बेटे दिनेश लोधी की थार गाड़ी से हुए एक्सीडेंट मामले में पूछताछ और कथित तौर पर करैरा में न दिखने की बात कहने पर प्रीतम लोधी ने कहा कि ‘करैरा तेरे डैडी का नहीं है’।
एसडीओपी ने विधायक के आरोपों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि मामले में केवल नियमानुसार पूछताछ, ब्लैक फिल्म-हूटर पर चालान और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई है।
SDOP पर बरसे विधायक- डैडी में दम हो तो रोक लेना
रविवार देर शाम जारी वीडियो में विधायक प्रीतम लोधी एसडीओपी करैरा पर भड़के हुए नजर आए। एसडीओपी द्वारा कथित तौर पर बेटे को करैरा में न दिखने की बात कहने पर उन्होंने कहा, “करैरा तेरे डैडी का नहीं है। बेटा करैरा आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा। अगर तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना।”
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “अधिकारी अपनी औकात में रहें और कानून के दायरे में काम करें। कानून हमें भी आता है।” विधायक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे से हुई दुर्घटना को कांग्रेसियों की तरह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है, जबकि पहले कई दुर्घटनाओं में पूछताछ तक नहीं हुई।
थार छुड़ाने थाने पहुंचा था बेटा, पुलिस ने ब्लैक फिल्म-हूटर पर काटा चालान
शनिवार को न्यायालय से वाहन छुड़ाने के आदेश मिलने के बाद विधायक का बेटा दिनेश लोधी करैरा थाने पहुंचा था। यहां एसडीओपी आयुष जाखड़ और थाना प्रभारी विनोद छावई ने उससे एक्सीडेंट को लेकर पूछताछ की। पुलिस निरीक्षण में थार पर हूटर और शीशों पर काली फिल्म लगी मिली।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की और घटना स्थल का निरीक्षण कराने के बाद वाहन सुपुर्द कर दिया। इस पर विधायक का कहना है कि एक्सीडेंट होने पर उन्होंने ही एसपी से कहकर बेटे पर एफआईआर कराई थी, गाड़ी भिजवाई थी और बुलाने पर बेटे को थाने भी भेजा था।

16 अप्रैल को थार ने बाइक और महिलाओं को मारी थी टक्कर
16 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे फरियादी संजय परिहार अपने साथियों आशीष और अंशुल परिहार के साथ बाइक से करैरा तहसील की ओर जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। तभी पीछे से आई विधायक के बेटे की काले रंग की थार ने तेज और लापरवाही से चलाते हुए पहले दोनों महिलाओं को और फिर बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में 5 लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने दिनेश लोधी पर एफआईआर दर्ज कर उसी शाम थार जब्त कर ली थी।
ये 3 तस्वीरें देखिए…

थार की टक्कर के बाद घायलों के हाथ पैर में चोट आई।

हादसे में महिलाएं भी घायल हुई हैं।

ये तस्वीर विधायक के बेटे की है। गाड़ी से टक्कर मारने के बाद विवाद।
SDOP की सफाई- रूटीन प्रक्रिया की, ठेस पहुंचाने वाली बात नहीं कही
विधायक के आरोपों पर एसडीओपी आयुष जाखड़ ने कहा, एक्सीडेंटल केस में रूटीन प्रक्रिया के तहत वाहन चालक से पूछताछ, ड्राइविंग लाइसेंस, कागजात और घटना स्थल की जांच की जाती है। इस मामले में भी वही सामान्य प्रक्रिया अपनाई गई है। वाहन में काली फिल्म और हूटर लगा मिलने पर मोटर व्हीकल एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई है और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की फाइल भी आगे बढ़ाई गई है। एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं कही जिससे किसी को ठेस पहुंचे।
आदिवासी महिला की मौत पर भी उठाए सवाल
वीडियो में विधायक ने आरोप लगाया कि रविवार को एक आदिवासी महिला को ट्रक ने कुचल दिया, लेकिन गरीब होने के कारण उसे मदद नहीं मिली और एसडीओपी मौके पर नहीं पहुंचे। अधिकारी वहां जाते हैं जहां पैसा मिलता है। इस पर एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि वह आदिवासी महिला की मौत वाले घटना स्थल पर भी पहुंचे थे और विधायक द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।
ये खबर भी पढ़िए…
विधायक के बेटे ने थार से 5 को मारी टक्कर, हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 16 अप्रैल को पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने थार कार से 5 लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार 3 लोग और पैदल चल रही दो महिलाएं घायल हो गईं। मामला करैरा थाना क्षेत्र का है… पूरी खबर पढ़ें