मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपलियामंडी पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 20.720 किलोग्राम अवैध डोड़ाचुरा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 42 हजार रुपये है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में सोमवार को पुलिस टीम खात्याखेड़ी रोड स्थित बालाजी मंदिर के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान एक युवक पीठ पर बैग और हाथ में झोला लिए संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखा। पुलिस ने उसे तुरंत रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान कृष्ण उर्फ किशन पंवार (22) पुत्र रामस्वरूप, निवासी छईया, थाना पदमपुर, जिला गंगानगर (राजस्थान) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 20.720 किलोग्राम डोड़ाचुरा और एक नोकिया कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी कृष्ण ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ जीतू गरासिया निवासी ग्राम पोखरदां, थाना मनासा, जिला नीमच (मध्य प्रदेश) से लाया था। पुलिस ने फरार आरोपी जीतू गरासिया की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कृष्ण उर्फ किशन पंवार के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना जारी है और आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।
Source link