भोपाल शहर में अवैध शराबखोरी और अहाता संचालन के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाते हुए 10 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36 बी के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पांच टीमों ने एक साथ संभाला मोर्चा
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की पांच टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में समन्वित तरीके से कार्रवाई की। इन इलाकों में हुई सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान हबीबगंज, जहांगीराबाद, टीटी नगर, एमपी नगर, मिसरोद, गोविंदपुरा, शाहजहांनाबाद, हनुमानगंज, निशातपुरा, कोतवाली और चुनाभट्टी क्षेत्रों में दबिश दी गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संदिग्ध ठिकानों पर चेकिंग कर अवैध रूप से चल रहे अहातों को चिन्हित किया। दबिश पड़ते ही मची अफरा-तफरी
पुलिस की अचानक कार्रवाई से कई स्थानों पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ आरोपी मौके से भागने की कोशिश करते मिले, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए। जांच में सामने आया कि कई जगह बिना वैध अनुमति के शराब परोसी जा रही थी, जिनके संचालकों पर भी कार्रवाई की गई। अवैध नेटवर्क पर भी जांच शुरू
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों को सौंप दिया है। कुछ मामलों में अवैध शराब नेटवर्क की गहराई से जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। टीमवार कार्रवाई का ब्यौरा गोविंद यादव टीम: 3 स्थानों पर कार्रवाई, 17 आरोपी अरेस्ट
विजय सिंह टीम: 1 स्थान, 32 आरोपी अरेस्ट
कलीम उद्दीन टीम: 3 स्थान, 12 आरोपी पकड़े
पारस सोनी टीम: 2 स्थान, 4 आरोपी गिरफ्तार
ओमपाल सिंह टीम: 1 स्थान, 8 आरोपी गिरफ्तार सरकार के प्रतिबंध के बाद भी चल रहे थे अहाते
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा अहातों के संचालन पर रोक लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद शहर में अवैध रूप से शराबखोरी के ठिकाने संचालित हो रहे थे। पुलिस का कहना है कि ऐसे ठिकानों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
Source link