डिंडोरी में MPPSC परीक्षा, 1033 अभ्यर्थी शामिल: तीन केंद्रों पर CCTV से हो रही निगरानी; सेंटर पर 90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य – Dindori News

डिंडोरी में MPPSC परीक्षा, 1033 अभ्यर्थी शामिल:  तीन केंद्रों पर CCTV से हो रही निगरानी; सेंटर पर 90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य – Dindori News




डिंडोरी में रविवार को मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 1033 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के लिए उत्कृष्ट विद्यालय, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय और पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में तीन केंद्र बनाए गए थे। सुबह 8:30 बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। उत्कृष्ट विद्यालय के गेट पर लड़के और लड़कियों की लंबी कतारें देखी गईं। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात थे, जो एक साथ पांच लड़कों और पांच लड़कियों को अंदर जाने दे रहे थे। पर्यवेक्षकों द्वारा जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक थी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक चली। आयोग ने इस बार बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्क्रीनिंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से तलाशी की विशेष व्यवस्था की थी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी। नोडल अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक ने बताया कि उत्कृष्ट विद्यालय में 382, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 350 और पॉलिटेक्निक कॉलेज में 300 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्र में पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, स्केल, बैग और अन्य पठन सामग्री ले जाने पर रोक लगाई गई थी। इसके अतिरिक्त, मोबाइल, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफ्री, डिजिटल या एनालॉग घड़ी सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित थे।



Source link