खुशियों में खौफ! शादी समारोह में 5 बदमाशों का हमला, फायरिंग सुन भागे घराती-बराती

खुशियों में खौफ! शादी समारोह में 5 बदमाशों का हमला, फायरिंग सुन भागे घराती-बराती


Last Updated:

ग्वालियर के पिछोर में एक शादी समारोह के दौरान पांच बदमाशों ने हंगामा कर दिया. मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने फायरिंग और पत्थरबाजी की, जिससे कई लोग घायल हो गए. एक युवक के सिर पर ईंट से हमला किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

ग्‍वालियर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ग्वालियर. जिले के पिछोर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया, जब पांच बदमाशों ने देर रात जमकर उत्पात मचाया. खुशियों के माहौल में खौफ में बदल गया. शादी समारोह में अचानक पत्थरबाजी और फायरिंग शुरू हो गई, जिससे शादी में मौजूद घराती-बराती सहित अन्‍य लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है. इधर, घायल युवक को ग्‍वालियर रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है.

बताया जा रहा है कि मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हिंसक रूप ले लिया. महिलाओं के बीच तक पहुंचकर उन्होंने मारपीट की और विरोध करने पर ईंट से हमला कर दिया. इसके बाद खुलेआम फायरिंग कर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचना पड़ा. पुलिस अफसर ने बताया कि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. इसके आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए उनकी तलाश की जा रही है. वहीं अवैध हथियारों की बात सामने आ रही है, इसको लेकर भी पुलिस एक्टिव हो गई है.

मामूली विवाद से शुरू हुआ बवाल
जानकारी के अनुसार, पिछोर क्षेत्र के एक विवाह समारोह में सुबह करीब 4 बजे पांच युवक पहुंचे थे. किसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया. विवाद के दौरान आरोपियों ने संयम खो दिया और हिंसा पर उतर आए. करीब 5 युवकों ने अवैध हथियारों से फायरिंग की और पत्‍थर-ईंट फेंके. उन्‍होंने एक युवक को बुरी तरह घायल कर दिया था, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद ग्‍वालियर रेफर कर दिया गया है.

महिलाओं के बीच घुसकर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी एक कमरे में घुस गए जहां महिलाएं बैठी थीं. जब परिवार के सदस्य नरोत्तम रावत ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि उसके सिर पर ईंट से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. नरोत्‍तम ने कहा कि बदमाश महिलाओं के कमरे में घुस रहे थे तो उन्‍हें रोक रहा था; तभी उन्‍होंने जानलेवा हमला बोल दिया. इससे आंख के पास गहरी चोट आई है.

फायरिंग और पत्थरबाजी से मची भगदड़
घटना के बाद अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने अवैध हथियार निकाल लिए. इसके बाद उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और पत्थर बरसाने लगे. अचानक हुई इस घटना से समारोह में भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए. सीसीटीवी में कैद हुई इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें घरवाले और बराती दोनों जान बचाकर भागते नजर आ रहे हैं. बेखौफ बदमाश अपने वाहनों से फरार होते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. इस घटना ने शादी समारोह जैसे निजी आयोजनों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. लोगों का मानना है कि ऐसे आयोजनों में स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link