मां से मिलाने के बहाने ले गया, कर डाली घिनौनी हरकत; फिर युवती का खौफनाक कदम

मां से मिलाने के बहाने ले गया, कर डाली घिनौनी हरकत; फिर युवती का खौफनाक कदम


Last Updated:

Guna News: गुना से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है, जहां एक युवती को आरोपी को उसके घर से यह कहकर ले गया कि उसकी मां ने बुलाया है. फिर आरोपी और उसके दो दोस्तों ने जंगल में युवती के साथ दुष्कर्म किया, जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो उसे अस्पताल के गेट के बाहर फेंक गए.

Zoom

युवती के साथ जंगल में हुई दरिंदगी

Guna News: मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनखरा गांव में एक नाबालिग किशोरी के साथ तीन दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. इस दौरान जब किशोरी की हालत बिगड़ गई, तो आरोपी उसे मरणासन्न स्थिति में शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के बाहर लावारिस छोडकर भाग निकले. जिसे गंभीर हालत में परिजन गुना के बमोरी थाने लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहकर लौटा दिया. इस खौफनाक घटना से आहत और लोक-लाज के डर से पीड़ित युवती ने घर लौटकर जहरीला पदार्थ गटक लिया. फिलहाल वह जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है, जहां उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है.

आरोपियों ने जंगल में ले जाकर दरिंदगी को दिया अंजाम
पूरी घटना का सिलसिला 25 अप्रैल को तब शुरू हुआ, जब पीड़िता की मां पास के ही एक गांव में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी. घर में युवती को अकेला पाकर गांव के ही रामू नामक युवक ने साजिश रची. दोपहर करीब 3 बजे रामू पीड़िता के पास पहुंचा और झूठ बोला कि उसकी मां ने उसे बुलाया है. मां के पास जाने के झांसे में आकर किशोरी उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गई. रास्ते में जब किशोरी ने रास्ता भटकने पर सवाल किए, तो आरोपी उसे डरा-धमकाकर जंगल की ओर ले गया. वहां पहले से ही रामू के दो अन्य दोस्त, विजय और अभिषेक मौजूद थे. इन तीनों दरिंदों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया.

वारदात के बाद जब किशोरी की स्थिति बिगड़ने लगी, तो आरोपी घबरा गए और उसे इलाज के बहाने शिवपुरी ले गए, जहां उसे मेडिकल कॉलेज के बाहर फेंककर फरार हो गए. इधर, घरवाले अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे थे. परिजनों ने जब शुरुआत में संदेही रामू से पूछताछ की, तो उसने साफ मुकर दिया कि वह लड़की के बारे में कुछ भी जानता है. हालांकि, बाद में रामू ने अपने एक रिश्तेदार को पूरी सच्चाई बता दी, जिसके माध्यम से परिजनों को पता चला कि उनकी बेटी शिवपुरी अस्पताल में है. परिजन उसे वापस घर लाए और फरियाद लेकर बमोरी थाने पहुंचे. लेकिन यहां जांच की बात कहकर पुलिस ने टरका दिया. इसी मानसिक आघात और शारीरिक पीड़ा से टूटी किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर खा लिया.

पुलिस ने दर्ज की जीरो FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए बमोरी पुलिस ने घटना के तीसरे दिन जीरो पर एफआईआर दर्ज की है. बमोरी थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया के अनुसार अस्पताल में भर्ती किशोरी के बयान महिला उपनिरीक्षक द्वारा दर्ज किए गए हैं. पीड़िता ने अपने बयानों में तीनों आरोपियों रामू, विजय और अभिषेक द्वारा किए गए कृत्य की पुष्टि की है. किशोरी ने बताया कि आरोपी उसे परिचित होने का फायदा उठाकर बाइक पर शिवपुरी की तरफ ले गए थे, जहां रास्ते में कहीं सूनसान जगह पर इस वारदात को अंजाम दिया गया.

पुलिस ने बताया कि देहाती नालिसी तैयार कर ली गई है. थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. वहीं, दूसरी ओर जिला अस्पताल में किशोरी की हालत लगातार बिगड़ रही है.

About the Author

गोविन्द सिंहSenior Sub Editor

गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…और पढ़ें



Source link