Last Updated:
Sonam Raghuvanshi Bail News: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस में मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग कोर्ट से सशर्त जमानत मिल गई है. वहीं इस खबर से सोनम का बड़ा भाई गोविंद खुश नहीं है. जानें न्यूज 18 से क्या कहा…
सोनम का भाई गोविंद (फाइल)
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
Indore News: इंदौर के राजा रघुवंशी मर्डर केस में सोनम की जमानत के बाद नया मोड़ आ गया है. इस हनीमून मर्डर मिस्ट्री की मुख्य आरोपी और राजा की पत्नी सोनम को शिलॉन्ग कोर्ट ने जमानत तो दे दी, लेकिन वह इंदौर नहीं आ सकती. सोनम मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे जेल से बाहर आई है और पिता के साथ शिलॉन्ग में ही रह रही है. इधर, इंदौर में सोनम के भाई गोविंग ने कई नए खुलासे कर दिए हैं.
कड़ी शर्तों के साथ मिली रिहाई
न्यूज 18 से खास बातचीत में गोविंद ने बताया, कोर्ट ने सोनम को जमानत तो दी है, लेकिन कई शर्तें भी लगाई हैं. सोनम अभी इंदौर नहीं आ सकेगी. कोर्ट ने आदेश दिया कि जब तक मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती, उसे शिलॉन्ग में ही रहना होगा. इसके अलावा, सोनम को हर सप्ताह स्थानीय थाने में जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी. इन शर्तों का उल्लंघन होने पर उनकी जमानत पर संकट आ सकता है.
गोविंद ने जताई नाराजगी
सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी अपनी बहन की जमानत से खुश नहीं है. गोविंद का कहना है कि उन्होंने सोनम की जमानत के लिए कोई प्राइवेट वकील नहीं किया था. यह केस सरकारी वकीलों द्वारा लड़ा जा रहा था. गोविंद ने खुलासा किया कि जब सोनम जेल में थी, तब उनकी दो बार बात हुई थी. सोनम ने उनसे जमानत करवाने की गुहार लगाई थी, लेकिन उन्होंने कोई मदद नहीं की.
राज ने पहुंचाया बड़ा नुकसान!
राजा रघुवंशी मर्डर केस के आरोपी और सोनम के दोस्त राज पर गोविंद ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि राज उनके यहां काम करता था. राज ने व्यापारिक लेनदेन में लगभग डेढ़ से दो करोड़ की चोरी की है. गोविंद के अनुसार, उन्हें इस बड़ी चोरी का पता राज के जेल जाने के बाद चला. जब वे व्यापारियों से पैसे मांगने गए, तब उन्हें पता चला कि राज तो पैसे ले जा चुका है.
परिवार के बीच बढ़ता विवाद
वहीं, राजा रघुवंशी के परिवार और भाइयों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को गोविंद ने बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि वे हमेशा राजा के परिवार के साथ खड़े रहे हैं. उन्होंने कभी सोनम की मदद नहीं की. गोविंद ने राजा के भाइयों से धैर्य रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कोर्ट और वकीलों पर बेवजह आरोप लगाना ठीक नहीं है.
न्याय की उम्मीद बरकरार
गोविंद रघुवंशी ने कहा, राजा के पिता का यह कहना सही है कि न्याय अभी अधूरा है. वे चाहते हैं कि जिन्होंने भी राजा की हत्या की है, उन्हें कड़ी सजा मिले. उन्होंने राजा के हत्यारों के नाम लगभग सबके सामने होने की बात भी कही है. गोविंद ने राजा के परिवार को सलाह दी कि उन्हें सीबीआई जांच और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें