सिंगरौली में दो सांपों का ‘कॉम्बैट डांस’: VIDEO सामने आया, विशेषज्ञ बोले- प्रजनन या शक्ति प्रदर्शन के दौरान ऐसा होता – Singrauli News

सिंगरौली में दो सांपों का ‘कॉम्बैट डांस’:  VIDEO सामने आया, विशेषज्ञ बोले- प्रजनन या शक्ति प्रदर्शन के दौरान ऐसा होता – Singrauli News




सिंगरौली जिले के कसर गांव में मंगलवार को एक खेत में दो सांपों को आपस में लिपटकर अजीब हरकतें करते देखा गया। स्कूल के पास हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब पोस्ट हो रहा है, जिसे देखकर गांव वाले हैरान भी हैं और डरे हुए भी। मंगलवार दोपहर गांव वालों ने बताया कि दोनों सांप काफी देर तक एक-दूसरे से लिपटे रहे। वे बार-बार जमीन पर गिरते और फिर फन उठाकर खड़े हो जाते। पास मौजूद वीरेंद्र पटेल ने बताया कि उन्होंने जिंदगी में पहली बार ऐसा नजारा देखा। शुरुआत में तो लगा कि वे लड़ रहे हैं, लेकिन उनकी हरकतें कुछ अलग ही थीं। गांव की महिलाओं और बच्चों में इस घटना को लेकर काफी डर है। विशेषज्ञ बोले- यह सांपों का डांस है वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. दीपेंद्र ने बताया कि यह कोई डरने वाली बात नहीं है, बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। गर्मियों के मौसम में सांप अक्सर प्रजनन के लिए या दो नर सांप अपनी ताकत दिखाने के लिए इस तरह लिपटे रहते हैं। इसे ‘कॉम्बैट डांस’ कहा जाता है। दूरी बनाए रखने की सलाह डॉक्टर ने लोगों को सलाह दी है कि ऐसा नजारा दिखने पर सांपों के करीब बिल्कुल न जाएं और न ही उन्हें परेशान करें। अगर उन्हें छेड़ा गया तो वे हमला कर सकते हैं। फिलहाल पूरे गांव में इन सांपों के डांस की ही चर्चा हो रही है।



Source link