श्योपुर में पुलिस की मुस्तैदी से एक आदमी की जान बच गई। बुधवार को वार्ड नंबर 3 के रहने वाले मुस्तफा बड़ौदा रोड से अपनी दुकान की तरफ जा रहे थे, तभी कंट्रोल रूम के पास उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वे अचानक सड़क पर गिर पड़े। उसी वक्त वहां से पुलिस की गाड़ी (FRV) गुजर रही थी। गाड़ी चला रहे वीरेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल सतेन्द्र सिंह ने मुस्तफा को बेहोश देखा, तो वे तुरंत उनके पास पहुंचे। उन्होंने बिना एक पल गंवाए मुस्तफा को वहीं सड़क पर सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। पुलिस की इस कोशिश से मुस्तफा की सांसें वापस आने लगीं। सही समय पर अस्पताल पहुंचाया हालत में थोड़ा सुधार देखते ही पुलिस टीम ने उन्हें अपनी गाड़ी में रखा और फौरन जिला अस्पताल लेकर भागे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। प्राथमिक इलाज के बाद मुस्तफा की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा भेज दिया गया है। मुस्तफा के परिवार और वहां मौजूद लोगों ने पुलिस के इस काम की खूब तारीफ की है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस सही समय पर मदद न करती, तो मुस्तफा की जान बचाना मुश्किल था।
Source link