सिवनी जिले में कोतवाली पुलिस ने आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नगदी और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने रात में बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी सचिन पारे के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे क्षेत्र में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एक को पकड़ा सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। वहां एक शख्स मोबाइल पर आईपीएल मैच देखते हुए ऑनलाइन लेनदेन कर रहा था। पुलिस को देखकर उसने मोबाइल छिपाने का प्रयास किया, जिसे तत्काल पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 5100 रुपए नगद जब्त किए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम पटेल (29), निवासी शिवमंदिर के पास, अकबर वार्ड, बारापत्थर, सिवनी बताया। जांच में खुलासा हुआ कि वह डूंडासिवनी निवासी प्रफुल्ल यादव के लिए कमीशन पर अपने मोबाइल से व्हाट्सएप पर चैटिंग कर आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। फरार आरोपी की तलाश जारी है आरोपी शुभम पटेल के खिलाफ सट्टा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी प्रफुल्ल यादव की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, आरक्षक सतीश इनवाती और प्रतीक बघेल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link