Last Updated:
Gwalior News: ठगी का अहसास होने पर दुर्गाशंकर नागर ने ग्वालियर के साइबर क्राइम थाने में शिकायत की. पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की. जांच-पड़ताल में मालूम चला कि फर्स्ट लेयर में यूपी के गाजियाबाद के महादेव सर्जिकल नाम के अकाउंट में 10 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं.
पुलिस दोनों भाइयों से पूछताछ कर रही है.
रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश की ग्वालियर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जो क्रिप्टोकरंसी में इन्वेस्ट करने के नाम पर देशभर में ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे. भाइयों की जोड़ी ने ग्वालियर के एक कारोबारी को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर एक करोड़ 41 लाख रुपये ठगे थे. दरअसल 6 महीने पहले पिंटो पार्क में बॉक्स की फैक्ट्री संचालित करने वाले दुर्गाशंकर नागर को ई-मेल के जरिए क्रिप्टोकरेंसी में इन्वेस्टमेंट का झांसा दिया गया. ठगों ने गोल्ड DGM कॉइन फिक्स डॉट कॉम कंपनी में रुपये लगाकर मोटा मुनाफा देने का लालच दिया. दुर्गाशंकर नागर झांसे में आ गए और दो महीने में एक करोड़ 41 लाख 17 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए लेकिन प्रॉफिट का पैसा नहीं मिला.
ठगी का अहसास होने पर दुर्गाशंकर ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत की. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. पड़ताल में पता चला कि फर्स्ट लेयर में गाजियाबाद के महादेव सर्जिकल नाम के खाते में 10 लाख 50 हजार रुपये गए हैं. यह खाता उत्तर प्रदेश के हारपुर निवासी आदित्य शर्मा और प्रियांशु शर्मा का जॉइंट अकाउंट है. दोनों भाइयों को नोटिस देकर ग्वालियर बुलाया गया लेकिन वे नहीं आए. वहीं ग्वालियर की साइबर टीम गाजियाबाद में डेरा डाले हुए थी. इस बीच आरोपी चोरी-छिपे ग्वालियर में जमानत का प्रयास कर रहे थे, जिसकी सूचना पर बिरला हॉस्पिटल के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
कमीशन लेकर दे दिया बैंक खाता
पूछताछ में दोनों भाइयों ने कबूला कि उन्होंने एक प्रतिशत कमीशन पर अपना खाता साइबर ठगों को दिया था. पुलिस ने जब खाते की डिटेल निकाली, तो उसमें एक करोड़ 68 लाख रुपये का अलग-अलग जगह से आए रुपयों का ट्रांजेक्शन मिला. हालांकि खाते से पुलिस ने सिर्फ 59 हजार रुपये बरामद किए हैं. पुलिस इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. अब आदित्य और प्रियांशु को दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस मुख्य ठगों तक पहुंचने के लिए मनी ट्रेल खंगाल रही है. आशंका है कि यह गिरोह देशभर में कई लोगों को शिकार बना चुका है.
ठगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
ग्वालियर क्राइम ब्रांच के सीएसपी मनीष यादव ने इस बारे में कहा कि फरियादी दुर्गाशंकर के साथ एक करोड़ 41 लाख रुपये की ठगी हुई थी. ठगों ने धोखाधड़ी कर फंड दूसरे खातों में डलवा लिया था. जब जांच शुरू की, तो एक खाता गाजियाबाद का मिला. हमारी टीम ने वहां जाकर तस्दीक की. यह खाता दोनों भाइयों आदित्य शर्मा और प्रियांशु शर्मा का जॉइंट अकाउंट था. उनके अकाउंट में 10.5 लाख रुपये गए हुए थे. पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने कमीशन के आधार पर यह खाता दिया था. इन्होंने एक प्रतिशत कमीशन लिया था. दोनों से हमारी पूछताछ जारी है. ठगों के पूरे नेटवर्क के बारे में पता लगाया जा रहा है. जिसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.