भिंड में 44 डिग्री गर्मी के बीच चरमराई बिजली व्यवस्था: ओवरलोड से ट्रांसफार्मर खराब और केबल जली; कई इलाकों में 3 घंटे कटी रही बत्ती – Bhind News

भिंड में 44 डिग्री गर्मी के बीच चरमराई बिजली व्यवस्था:  ओवरलोड से ट्रांसफार्मर खराब और केबल जली; कई इलाकों में 3 घंटे कटी रही बत्ती – Bhind News




भिंड शहर में 43-44 डिग्री सेल्सियस तापमान की भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। गुरुवार सुबह ओवरलोड के कारण केबल जलने और ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से अटेर रोड, शास्त्री नगर, झांसी मोहल्ला और चोरी गली सहित कई कॉलोनियों में करीब तीन घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। नगर पालिका उपाध्यक्ष और स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद मेंटेनेंस टीम ने कड़ी धूप में सुधार कार्य कर दोपहर करीब एक बजे बिजली सप्लाई बहाल की है। अटेर रोड पर रात 2 बजे आया फॉल्ट, ट्रांसफार्मर था खराब अटेर रोड स्थित कॉलोनियों में रात करीब 2 बजे बिजली लाइन में फॉल्ट आ गया था, जिसका सुधार कार्य सुबह तक पूरा नहीं हो सका। इसके चलते लोगों को सुबह 7 बजे से ही बिजली संकट का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी और नगर पालिका उपाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह भदौरिया ने बिजली अधिकारियों को इसकी सूचना दी, लेकिन सुबह 8 बजे तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बताया गया कि क्षेत्र का ट्रांसफार्मर पहले से ही खराब चल रहा था और बढ़ता लोड नहीं सह पा रहा था। शास्त्री नगर में जली केबल, झांसी मोहल्ले में भी 3 घंटे गुल रही बत्ती इसी तरह शास्त्री नगर बी ब्लॉक में ओवरलोड के कारण केबल जल जाने से इलाके की बिजली सप्लाई बंद हो गई। समय पर केबल न बदले जाने से लोगों को गर्मी में लंबा इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा झांसी मोहल्ला और चोरी गली क्षेत्र में भी सुबह से दोपहर तक करीब तीन घंटे बिजली गुल रही। बाद में मेंटेनेंस टीम ने मरम्मत कार्य पूरा कर दोपहर करीब 1 बजे बिजली सप्लाई चालू की। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से हर साल गर्मी में होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।



Source link