नीमच में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 51 क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई आगरा-भरतपुर हाईवे पर सेवर के पास की गई, जहां एक कंटेनर ट्रक से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। खुफिया जानकारी पर हुई कार्रवाई
सीबीएन की मध्यप्रदेश इकाई को सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर का एक संदिग्ध ट्रक झारखंड से डोडाचूरा लेकर राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र की ओर जा रहा है। इस इनपुट के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की। ट्रक से मिला भारी मात्रा में डोडाचूरा
कदमकुंज रिसॉर्ट के पास अधिकारियों ने ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच में ट्रक के अंदर 252 बोरियों में भरा लगभग 5096 किलोग्राम डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान ट्रक चालक ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की बात स्वीकार की। इसके बाद सीबीएन ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू
अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रक जब्त कर लिया है। अब विभाग इस तस्करी के पीछे जुड़े बड़े नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी।
Source link