बड़वानी के पिछोड़ी गांव में पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोपी चंदन बडोले 10 दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। घटना 20 अप्रैल को हुई थी, जब चंदन (35) ने रुपयों के विवाद में पिता जगन बडोले (58) के सिर में पिस्तौल से गोली मार दी थी। पिता की मौके
.
वारदात के बाद से आरोपी फरार है। कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 241/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई प्रयास किए हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस ने बताया आरोपी बेटे के पास हथियार है
पुलिस के अनुसार, चंदन के पास अवैध हथियार है और वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। हत्या के तीन दिन बाद उसकी मोबाइल लोकेशन बावनगजा की पहाड़ियों में ट्रेस हुई थी। इसके बाद वन क्षेत्र में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया।
हत्या के 10 दिन बाद भी आरोपी बेटा पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
हत्या के बाद धमकी भरा पोस्ट भी किया था
आरोपी ने हत्या के दो दिन बाद इंस्टाग्राम पर अपने भतीजे के साथ एक फोटो पोस्ट कर धमकी दी। पोस्ट में उसने लिखा कि यदि उसके भाई की पत्नी की शादी हुई, तो शादी करने और करवाने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उसने यह भी कहा कि यह शादी उसके पिता की वजह से हो रही है। इस धमकी भरे पोस्ट के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पिछोड़ी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि जो व्यक्ति अपने पिता की हत्या कर सकता है, वह कुछ भी कर सकता है। इस डर के कारण लोग मृतक के परिजनों के साथ श्मशान जाने से भी हिचक रहे हैं। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

आरोपी बेटे पर अब पुलिस ने इनाम घोषित किया है।
अब आरोपी बेटे पर इनाम घोषित
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपए का नकद इनाम घोषित किया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और नियमानुसार इनाम राशि दी जाएगी।
एसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है।