Last Updated:
Dewas Accident News: देवास में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां घर के बाहर खड़ी 5 साल की बच्ची को एक तेज रफ्तार ऑटो ने जोरदार टक्कर मार दी. गंभीर हालत में परिजन उसे लेकर कई अस्पतालों के चक्कर काटते रहे, लेकिन मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी.
फाइल फोटो.
Dewas News: देवास की तोड़ी रोड स्थित गंगा पार्क कॉलोनी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है. यहां एक मासूम बच्ची की मुस्कान तेज रफ्तार की भेंट चढ़ गई. घर के बाहर खड़ी 5 वर्षीय श्रेष्ठा शर्मा (पिता दिनेश शर्मा) को एक बेकाबू ऑटो चालक ने टक्कर मार दी.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो की रफ्तार बहुत तेज थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्रेष्ठा गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के रहवासी और परिजन तुरंत मौके पर जमा हो गए. बच्ची को फौरन देवास जिला अस्पताल ले जाया गया.
बचाने की हर कोशिश रही नाकाम
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया. मासूम की जान बचाने के लिए परिजन उसे देवास के कई निजी अस्पतालों में भी लेकर पहुंचे. हर जगह डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि श्रेष्ठा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
उजड़ गया राजस्थान के परिवार का आंगन
मृतक बच्ची का परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है. वर्तमान में यह परिवार देवास की गंगा पार्क कॉलोनी में रहकर साड़ी का कामकाज करता है. श्रेष्ठा की मौत की खबर फैलते ही पूरी कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें