Last Updated:
IPL 2026 MI vs SRH Hardik Pandya poor captaincy: हार्दिक पांड्या की कप्तानी मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2026 में हालत खराब हो गई है. टीम को इस सीजन 8 मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा. मुंबई का 8वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद के साथ था. इस मैच में हार्दिक पांड्या की कप्तानी और समझ पर सवाल उठने लगे हैं.
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम बुरी तरह से फ्लॉप हो गई है. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इस सीजन अबतक कुल 8 मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे 6 में हार का मुंह देखना पड़ा है. इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब हार्दिक की कप्तानी पर भी सवाल उठने लगे हैं. खास तौर से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में तो में हार्दिक की कप्तानी किसी को भी समझ नहीं आई.
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. हार्दिक ने टीम में दो बदलाव किए. प्लेइंग इलेवन में रायन रिकल्टन और रॉबिन मिंज को शामिल किया. रायन रिकेल्टन चोटिल क्विंटन डिकॉक की जगह टीम में आए और उन्होंने दमदार 123 रनों की नाबाद पारी भी खेली, लेकिन रॉबिन मिंज इस मैच में किसी तरह का योगदान नहीं पाए. दरअसल इस युवा विकेटकीपर बल्लेबाज की बैटिंग ही नहीं आई.
मैदान पर मुंह ताकते रहे इंपैक्ट सब प्लेयर
मुंबई की गेंदबाजी के दौरान जब सनराइजर्स के बल्लेबाज कहर बरपा रहे थे तो हार्दिक पांड्या ने शार्दुल ठाकुर को रॉबिन मिंज की जगह इंपैक्ट सब के तौर पर मैदान पर बुलाया. इस सीजन शार्दुल ने कई बार मुश्किल समय में मुंबई को विकेट दिलाने का काम किया, लेकिन हैरानी की बात ये है कि कप्तान हार्दिक ने शार्दुल से एक भी गेंद नहीं कराया. इस तरह शार्दुल ठाकुर आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे इंपैक्ट सब खिलाड़ी बने जिसने न तो बैटिंग की और न ही उसे बॉलिंग मिला.
बता दें कि इंपैक्ट सब प्लेयर आईपीएल मैचों में एक अहम भूमिका निभाते हैं. कई बार ऐसे खिलाड़़ी अपनी टीम के लिए जीत का सूत्रधार बने हैं, लेकिन लेकिन सनराइजर्स के खिलाफ मैच में हार्दिक पांड्या ने इंपैक्ट सब लेने के बावजूद उसका इस्तेमाल क्यों नहीं किया इस सवाल उठ रहे हैं.
243 रन बनाकर भी हारी मुंबई इंडियंस की टीम
सनराइजर्स के खिलाफ मुकाबले में रिकल्टन की शतकीय पारी से मुंबई इंडियंस ने 243 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, लेकिन जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गज गेंदबाजों के रहते भी टीम इसे डिफेंड नहीं कर पाई. आईपीएल में ये दूसरी बार था जब मुंबई की टीम 200 या उस से ज्यादा रन बनाकर हारी है. दोनों ही बार ऐसा हार्दिक पांड्या की कप्तानी में ही हुआ है.
मुंबई इंडियंस को पांच टाइटल दिलाने वाले रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस 200 से ज्यादा रन बनाकर कभी भी नहीं हारी थी. यही वजह है कि अब हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर तलवार लटकने लगी है. बता दें कि रोहित शर्मा को जब कप्तानी से हटाकर हार्दिक को ये जिम्मेदारी दी गई थी तो मुंबई इंडियंस के फैंस ने मैच के दौरान टीम के इस फैसले को लेकर खूब हूटिंग भी की थी. ऐसे में अगर इस सीजन टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंचती है तो फिर मुंबई की कप्तानी में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें