सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता से भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। ग्राम अमल्लकपुर निवासी 55 वर्षीय किसान शंकर दयाल पटेल के घर से दो भैंस और एक पड़िया चोरी हो गई थीं। घटना 1 मई 2026 की रात करीब 2 बजे की है। किसान शंकर दयाल पटेल बारात में शामिल होने गांव से बाहर गए हुए थे। उनकी पत्नी ने फोन पर सूचना दी कि घर के बाड़े से दो भैंस और एक पड़िया गायब हैं। किसान के घर पहुंचने पर पता चला कि अज्ञात चोर लगभग एक लाख रुपये कीमत के पशु चोरी कर ले गए थे। चोरी के कुछ ही देर बाद, रात करीब 3 बजे ग्राम पुतरिहा के ग्रामीणों ने एक टाटा मैजिक वाहन (क्रमांक MP 17 ZK 8290) को संदिग्ध हालत में रोका। वाहन में चोरी की गई भैंसें लदी हुई थीं। मौके पर पहुंचे किसान शंकर दयाल पटेल ने अपनी भैंसों की पहचान की। ग्रामीणों ने मौके से रीवा जिले के गढ़ निवासी शिवम गुप्ता को पकड़ लिया। हालांकि, उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी शिवम गुप्ता ने पूछताछ में मोहम्मद अफजल खान, विनायक सिंह, साकेत और लक्ष्मीकांत पाण्डेय सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह उकरहा, सलैया और आसपास के अन्य गांवों में भी पशु चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। इन घटनाओं के कारण ग्रामीणों में लंबे समय से दहशत का माहौल था। थाना प्रभारी इंद्राज सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बरामद भैंसों और टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source link