देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शुक्रवार रात पिपरी गांव में गुजारकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने पलंग पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान एक भजन मंडली द्वारा तानपुरे के लिए मदद मांगने पर कलेक्टर ने पहले उनसे भजन सुना और फिर राशि प्रदान की। शनिवार सुबह कलेक्टर ने गांव का भ्रमण कर नल-जल योजना, सड़क, बिजली व्यवस्था और तालाबों के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। भजन सुनकर तानपुरे के लिए दी राशि शुक्रवार रात गांव में प्रवास के दौरान कलेक्टर ने पलंग पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इसी बीच एक भजन मंडली ने उनसे तानपुरा खरीदने के लिए राशि की मांग की। इस पर कलेक्टर ने मंडली से पहले भजन गाने को कहा। भजन सुनने के बाद उन्होंने ग्रामीणों की प्रशंसा की और तानपुरा के लिए नकद राशि प्रदान की। सुबह किया गांव का भ्रमण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश शनिवार सुबह कलेक्टर सिंह ने ग्राम पंचायत पिपरी का भ्रमण किया। उन्होंने सीधे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उन्होंने नल-जल योजना के तहत घर-घर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने पाइपलाइन, जल वितरण और आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। सड़क, बिजली और जल संरक्षण पर दिया जोर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गांव की सड़कों की स्थिति और बिजली से जुड़ी समस्याओं पर भी गंभीरता से ध्यान दिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तालाबों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना पर चर्चा की। सामुदायिक पट्टों और विकास कार्यों पर की चर्चा कलेक्टर ने वन क्षेत्र में सामुदायिक पट्टा नियमों के अंतर्गत सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को लेकर भी ग्रामीणों से विस्तार से बातचीत की। ग्रामीणों ने कलेक्टर को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की और विकास से जुड़े सुझाव साझा किए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link