दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र की ईमलिया चौकी अंतर्गत खारी गांव में एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई है। अज्ञात आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह परिजनों को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचित किया।
.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं, और पास ही एक बड़ा पत्थर पड़ा हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हरदुआ खुर्द निवासी 26 वर्षीय दुर्गेश पिता कलू सिंह के रूप में हुई है। दुर्गेश के छोटे भाई भगवान सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दुर्गेश गांव के सुंदर सिंह के साथ बाइक लेकर अभाना के हरिशंकर सेठ को देने गया था। उसके पास हरिशंकर सेठ के 4700 रुपए भी थे, जो उसे वापस करने थे।
भगवान सिंह के अनुसार, मंगलवार रात दुर्गेश का फोन आया था, जिसमें उसने बताया कि वह पथरिया के जीजा के साथ इमलिया सब्जी लेने जा रहा है। हालांकि, बुधवार सुबह खारी गांव के जंगल में सड़क किनारे उसका खून से सना हुआ शव मिला। सिर पर गंभीर चोटों और पास पड़े पत्थर को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह और इमलिया चौकी प्रभारी अक्षयेंद्रनाथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया की अज्ञात आरोपी के द्वारा दुर्गेश सिंह की सिर पर पत्थर पटक कर हत्या कर दी गई है हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। मृतक अविवाहित था और मजदूरी करता था। इसके अलावा शराब भी पीता था। पुलिस के द्वारा लोगों से पूंछताछ की जा रही है।