पुलिस मुख्यालय ने महिला अपराध को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है
कोरोना (COVID-19) और लॉकडाउन (Lockdown) के चलते महिला अपराधों (Crime Against Woman) में कमी आई है. पुलिस मुख्यालय ने एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 9 महीने में महिला अपराधों में 15 फीसदी तक की कमी आई है.
रेप में 19 प्रतिशत, अपहरण में 23 प्रतिशत, छेड़छाड़ में 14 प्रतिशत, दहेज प्रताडना में 10 प्रतिशत, भ्रूण हत्या में 20 प्रतिशत, मानव तस्करी के केस में 20 प्रतिशत की कमी आई. दहेज हत्या, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण संबंधी अपराधों में आंशिक वृद्धि हुई है. इस कैटेगरी के अपराध के पीछे पुलिस ने परिवार के भीतर उत्पन्न परिस्थितियों और विवाद से होना बताया है.
ये रहा सजा का प्रावधान
2019 और 2020 के नाबालिग के साथ रेप, हत्या के 5 प्रकरणों में जिला नरसिंहपुर में 2 और भोपाल, छिन्दवाड़ा एवं इन्दौर में 1-1 के आरोपियों को मृत्युदण्ड से दण्डित कराने में पुलिस को सफलता मिली. 6 महीने में 64.6 प्रतिशत रेप के प्रकरणों का अनुसंधान 2 महीने की समयावधि में पूरा किया गया है. जनवरी से जून में यह 44 प्रतिशत था.ये भी पढ़ें: भोपाल: फर्जी चिटफंड कंपनियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, CM शिवराज ने दिए कड़े निर्देश
करोड़ों की जमीन बदमाशों से मुक्त
पिछले कुछ महीने में जिला भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, छिन्दवाडा,नरसिंहपुर, धार और मुरैना में करीब 23 करोड़ से भी अधिक की अवैध संपत्ति इन अपराधियों के कब्जे से मुक्त करायी है. साथ ही इनका प्रभुत्व नष्ट किया गया. भू माफिया के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है. इसके अलावा चिटफंड कंपनियों के खिलाफ भी पुलिस ने शिकंजा कसने का काम किया है.
चिटफंड के खिलाफ ऐसे करें शिकायत
अगर आप किसी चिटफंड कंपनी के शिकार हुए हैं या फिर पैसा डबल करने के नाम पर आपके साथ धोखाधड़ी की गई है, तो भोपाल पुलिस ऐसी तमाम शिकायतें सुनेगी और कार्रवाई करेगी. भोपाल शहर के हर थाने सीएसपी कार्यालय, एडिशनल एसपी कार्यालय और एसपी कार्यालय में आप 11 बजे से 1 बजे के बीच चिटफंड कंपनियों से जुड़ी शिकायतें कर सकते हैं. इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि धोखाधड़ी से जुड़ी किसी भी शिकायत का निपटारा शत-प्रतिशत किया जाना है. इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग आईजी डीआईजी स्तर के अधिकारी करेंगे और पुलिस मुख्यालय को इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे.