खंडवा में जब लोग सुबह उठे तो किसी को अंदाज़ा नहीं था कि एक अनोखा मेहमान उनकी धरती पर कदम रख चुका है. धीरज गोपाल महाराज, जो पिछले 18 साल से बिना रुके पैदल चल रहे हैं, सिर्फ एक उद्देश्य लेकर गौमाता की सेवा और सनातन संस्कृति का प्रचार.
ये कोई छोटी यात्रा नहीं, बल्कि एक जीवन समर्पण है. 4 दिसंबर 2005 को राजस्थान के हल्दीघाटी से शुरू हुई ये यात्रा, अब तक 1 लाख किलोमीटर से ज़्यादा तय कर चुकी है. लक्ष्य है 2043 तक देश के हर गांव में पहुंचकर गौ सेवा और सनातन धर्म का संदेश देना.
अब तक ये यात्रा 45,000 से भी ज्यादा गांवों में पहुंच चुकी है. जहां-जहां ये संत गए, वहां उन्होंने बताया कि गौ सेवा सिर्फ आस्था नहीं, बल्कि पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए वरदान है.
इस यात्रा की सबसे बड़ी बात ये है कि कोई चंदा नहीं लिया जाता.भोजन, रहना और इलाज की व्यवस्था गुरुदेव की ओर से होती है. संपूर्ण यात्रा निष्काम सेवा है, यानी बिना किसी स्वार्थ के
धीरज गोपाल महाराज के गुरुदेव संत श्री ने अब तक राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में 111 गौशालाएं स्थापित करवा दी हैं, जहां बीमार, बेसहारा और लावारिस गायों की सेवा होती है.
खंडवा पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया, उन्हें आश्रय दिया और उनके विचारों से प्रेरित होकर गौ सेवा का संकल्प लिया. ये अब सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक जागृति का अभियान बन चुका है, जो और ये यात्रा अभी रुकी नहीं है… आगे महाराष्ट्र, फिर पूरा भारत. मध्य प्रदेश में 2 साल रुकने के बाद अब यात्रा महाराष्ट्र की ओर बढ़ रही है. हर राज्य में लगभग 2 वर्ष तक पदयात्रा की जाती है, ताकि ज़्यादा से ज़्यादा गांवों तक पहुंचा जा सके.
धीरज गोपाल महाराज का यही संदेश हर जगह गूंज रहा है “गौ माता सिर्फ पूजा की चीज़ नहीं, वो हमारी ज़िंदगी और प्रकृति का संतुलन हैं,”