दीपावली त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन, छिंदवाड़ा जिला छिंदवाड़ा की टीम ने मिठाई दुकानों पर सघन जांच कर रही है। मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत जिलेभर में फूड सेफ्टी अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
.
रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा के नेतृत्व में मुख्यालय छिंदवाड़ा और परासिया क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक मिठाई दुकानों पर जांच की गई। त्योहार के कारण बाजारों में मिठाई की मांग बढ़ने के चलते यह कार्रवाई विशेष निगरानी के रूप में की गई।
छिंदवाड़ा में स्थित अमित स्वीट्स, वैशाली राजपुरोहित स्वीट्स, गरबा स्वीट्स, रंगजी स्वीट्स, बिकानेर स्वीट्स सहित छोटी-बड़ी कई दुकानों पर टीम ने खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। दुकानों की सफाई व्यवस्था, मिठाइयों की गुणवत्ता और भंडारण स्थिति का निरीक्षण किया गया।
परासिया में लिए गए मिठाई के नमूने इसी तरह परासिया क्षेत्र में भी बिकानेर स्वीट्स, राजेश स्वीट्स, गुप्ता स्वीट्स, पंकज स्वीट्स, पीयूष स्वीट्स, बुंदेलखंड स्वीट्स और साई स्वीट्स जैसी दुकानों की सघन जांच की गई। इस दौरान बिकानेर स्वीट्स (परासिया) और राजेश स्वीट्स (परासिया) से मिठाई के नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
स्वच्छता और शुद्धता पर दिए निर्देश खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा ने सभी मिठाई विक्रेताओं को शुद्ध, ताजी और बिना मिलावट की मिठाई बेचने के साथ-साथ दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।