दिव्यांग ने बिजलीकर्मी को मारी गोली: आर्टिफिशियल पैर गिरने के बाद भी भाग निकला, सीसीटीवी में दिखा, राहगीरों से लिफ्ट मांगी – Satna News

दिव्यांग ने बिजलीकर्मी को मारी गोली:  आर्टिफिशियल पैर गिरने के बाद भी भाग निकला, सीसीटीवी में दिखा, राहगीरों से लिफ्ट मांगी – Satna News



गोली मारने के बाद दिव्यांग आरोपी एक पैर से ही भागते दिखा।

सतना में बिजली विभाग के एक कर्मचारी को गुरुवार को एक दिव्यांग आरोपी ने गोली मार दी। दिव्यांग आरोपी भागते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ने एक पैर से भागते हुए कई राहगीरों से लिफ्ट भी मांगी थी।

.

यह घटना सिटी कोतवाली इलाके के प्रेम नगर अंडर पास के ऊपर रेलवे लाइन के किनारे हुई। गोली लगने के बाद भी रामनरेश खुद सिटी कोतवाली पहुंचे और वहां पुलिस ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

दिव्यांग आरोपी एक पैर से ही हुआ फरार घटना उस समय हुई जब 60 वर्षीय रामनरेश वर्मन, जो बिजली विभाग में चपरासी हैं, ड्यूटी खत्म कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। अचानक एक दिव्यांग युवक ने पास आकर कट्टे से उन पर गोली मार दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी, लेकिन इसके बावजूद रामनरेश हार नहीं माने। वे हमलावर पर टूट पड़े और उसे पकड़ने की कोशिश की।

घटना के बाद लोगों को लगा कि आरोपी बिना कृत्रिम पैर के भाग नहीं पाएगा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर युवक एक पैर पर ही घटनास्थल से फरार हो गया। बाद में जब पुलिस पहुंची और फुटेज खंगाले, तो आरोपी को अंडरपास की सीढ़ियों से नीचे उतरते और सड़क की ओर जाते हुए देखा गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने रास्ते में ऑटो रुकवाने और एक बाइक सवार से लिफ्ट मांगने की कोशिश की, लेकिन पैर गायब देख लोगों ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया।

आरोपी की तलाश जारी पुलिस को जो कृत्रिम पैर मौके से मिला है, उस पर ‘राजेंद्र’ नाम लिखा हुआ है। इसी आधार पर पुलिस धवारी, राजेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों में दिव्यांग लोगों से पूछताछ कर रही है। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं, और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।



Source link