दमोह: कार की टक्कर से ऑटो चालक की मौत: जबलपुर मार्ग पर हादसा, टक्कर के बाद कार पेड़ से टकराई – Damoh News

दमोह: कार की टक्कर से ऑटो चालक की मौत:  जबलपुर मार्ग पर हादसा, टक्कर के बाद कार पेड़ से टकराई – Damoh News




दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। यह घटना दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर हथनी गांव के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। जानकारी के अनुसार, जबलपुर की ओर से आ रही एक कार ने इलेक्ट्रॉनिक ऑटो को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर ही फंस गया। कार भी ऑटो से टकराने के बाद पेड़ से टकराकर आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल और एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल अवस्था में फंसे ऑटो चालक को बाहर निकाला गया और डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ऑटो चालक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है और मंगलवार सुबह से उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए जाएंगे। कार में मौजूद लोग मौके से फरार हो गए थे और कार पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृत ऑटो चालक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे आरक्षक देशराज ने बताया कि सूचना मिलने के बाद नोहटा पुलिस मौके पर पहुंची थी। ऑटो चालक का शव ऑटो के अंदर फंसा हुआ था। जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को जिला अस्पताल में रखवा दिया है और मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।



Source link