50 साल पहले मरे रिश्तेदार का फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवाया: भिंड में जमीन हड़पने रची साजिश; गवाह और नोटरी भी निकले फर्जी, FIR दर्ज – Bhind News

50 साल पहले मरे रिश्तेदार का फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवाया:  भिंड में जमीन हड़पने रची साजिश; गवाह और नोटरी भी निकले फर्जी, FIR दर्ज – Bhind News




भिंड जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र से जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी शिवशरण दीक्षित ने 50 साल पहले मर चुके अपने ही रिश्तेदार का 2020 में फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवा लिया। 10 दिन पहले हुई शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। सुरपुरा थाना प्रभारी अरविंद सिकरवार ने बताया कि आरोपी शिवशरण दीक्षित निवासी परा ने वर्ष 2020 में अपने रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण का फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र तैयार कराया। पुलिस जांच में सामने आया कि लक्ष्मी नारायण की मृत्यु करीब 50 वर्ष पहले आगरा जिले में हो चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी ने वर्ष 2020 का हवाला देते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार करा लिए। जमीन नाम कराने शुरू की प्रक्रिया, SDOP से हुई थी शिकायत इस फर्जी प्रमाण-पत्र के आधार पर आरोपी ने लक्ष्मी नारायण की जमीन अपने नाम कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। इस पूरे मामले की शिकायत करीब 10 दिन पहले विकास चौधरी द्वारा एसडीओपी कार्यालय में की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की, तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। गवाह और नोटरी दोनों निकले फर्जी, पुलिस कर रही पड़ताल जांच में पाया गया कि प्रमाण-पत्र में जिन गवाहों के नाम दर्ज किए गए थे, वे पूरी तरह फर्जी हैं। वहीं, दस्तावेज पर दर्शाई गई नोटरी भी कूटरचित निकली और संबंधित वकील के रिकॉर्ड में उसका कोई इंद्राज नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास किया। मामले में आरोपी के खिलाफ कूटरचना और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।



Source link